नई तकनीक और नियम से रूबरू हुए खिलाड़ी – Jalandhar News

नई तकनीक और नियम से रूबरू हुए खिलाड़ी – Jalandhar News




भास्कर न्यूज | जालंधर जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी डॉ. गुरिंदरजीत व जिला जालंधर जूडो एसोसिएशन के प्रधान परमजीत सिंह टक्कर के सहयोग से खिलाड़ियों के लिए आयोजित समर जूडो कोचिंग कैंप का शुक्रवार को समापन हो गया। कैंप 26 जून से 17 जुलाई तक सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल लाडोवाली रोड में प्रिंसिपल योगेश कुमार की देखरेख में आयोजित किया गया। समापन समारोह में डॉ. गुरिंदरजीत कौर मुख्य अतिथि तथा उप जिला शिक्षा अधिकारी राजीव जोशी और प्रिंसिपल सुखदेव लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कैंप में राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों को शारीरिक शिक्षा व्याख्याता सुरिंदर कुमार तथा डीपीई सुलिंदर सिंह द्वारा जूडो की प्रारंभिक और उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही खिलाड़ियों को जूडो के नए नियमों की भी जानकारी दी गई ताकि आगामी प्रतियोगिताओं में उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े और वे बेहतर प्रदर्शन कर पंजाब का नाम रोशन करें। कैंप के संरक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय जूडो रेफरी सुरिंदर कुमार ने बताया कि कैंप में लगभग 60 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों को प्रतिदिन सुबह और शाम प्रशिक्षण दिया गया। कैंप में खिलाड़ियों को रोजाना रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था केंद्र के पूर्व खिलाड़ी परमजीत सिंह, रवनीत चौधरी, जॉनी, सुलिंदर सिंह, नरेश कुमार और सुरिंदर कुमार के सहयोग से की गई। समापन समारोह के दौरान कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 27 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें शिवाश, नकुल अरोड़ा, साहिल, करण, तुलसा राम, मनी, अंकित, खड़क, साक्षी, फरजाना, जन्नत, प्रिया और मुस्कान सहित कई राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *