बठिंडा में कर्ज व गरीबी के परेशान होकर दी जान: ट्रेन आगे कूदकर किया सुसाइड, परिजन बोले- काफी समय से तनाव में था – Bathinda News
बठिंडा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति ने शताब्दी एक्सप्रेस के नीचे आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन पर हड़कंप मच गया और यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पिछले काफी समय से भारी कर्ज के बोझ तले दबा हुआ था, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। ‘सहारा जन सेवा’ की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। घटनास्थल का मंजर बेहद खौफनाक था। मृतक का सिर रेलवे ट्रैक से बाहर और बाकी का धड़ पटरियों के अंदर पड़ा हुआ था। राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। सहारा टीम ने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शव का बारिकी से निरीक्षण किया, लेकिन शुरुआती जांच में मृतक के कपड़ों से पहचान संबंधी कोई भी दस्तावेज या सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान होकर उठाया कदम शुरुआत में शव अज्ञात होने के कारण पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। बाद में जीआरपी अधिकारी रणजीत सिंह ने मृतक की शिनाख्त परस राम नगर निवासी राजकुमार (50) पुत्र तूप राम के रूप में की। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचित करने पर उन्होंने बताया कि राजकुमार काफी समय से गंभीर आर्थिक तंगी और कर्ज की समस्या से जूझ रहा था। कर्जदारों की मानसिक प्रताड़ना और वित्तीय दबाव के कारण वह गहरे तनाव में था, जिसके चलते उसने मौत को गले लगा लिया। शव को मोर्चरी में रखवाया; पुलिस कर रही है कानूनी कार्रवाई जीआरपी अधिकारी रणजीत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सहारा जन सेवा की टीम के सहयोग से शव को पटरियों से हटाकर तुरंत स्थानीय सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और इस संबंध में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की संबंधित धाराओं के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
Source link

