संगरूर में BKU सिद्धूपुर ने 5 घंटे टोल फ्री किया: लैंड पूलिंग पॉलिसी रद्द करने समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन – Sangrur News

संगरूर में BKU सिद्धूपुर ने 5 घंटे टोल फ्री किया:  लैंड पूलिंग पॉलिसी रद्द करने समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन – Sangrur News




भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर ने अपनी मांगों के समर्थन में संगरूर जिले के कालाझार टोल प्लाजा को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक टोल-फ्री कर दिया। यह कार्रवाई बठिंडा-चंडीगढ़ हाईवे पर की गई, जिसका नेतृत्व BKU सिद्धूपुर के जिला अध्यक्ष गुरबख्शीश सिंह बालद कलां ने किया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष गुरबख्शीश सिंह और महासचिव रण सिंह चट्ठा ने बताया कि यह राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन लैंड मॉर्गेज बैंकों की गड़बड़ियों से प्रभावित किसानों को न्याय दिलाने, पंजाब सरकार की नई लैंड पूलिंग पॉलिसी को रद्द करने और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को वापस लेने की मांग को लेकर किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की भगवंत मान सरकार केंद्र की नीतियों का पालन करते हुए लैंड पूलिंग पॉलिसी के माध्यम से राज्य की उपजाऊ कृषि भूमि को कॉर्पोरेट घरानों को सौंपने की तैयारी कर रही है। यूनियन ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी कीमत पर किसानों की जमीन नहीं छीनने देंगे और इस पॉलिसी का कड़ा विरोध किया जाएगा। किसान नेता बोले- लैंड मॉर्गेज बैंक की नीति से किसान धोखाधड़ी का शिकार हुए नेताओं ने बताया कि लैंड मॉर्गेज बैंक की नीतियों के कारण बड़ी संख्या में किसान धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं। इस मामले में फरीदकोट जिले में 30 मार्च से और 12 अन्य जिलों में 11 मई से लगातार विरोध प्रदर्शन जारी हैं, जिसमें न्याय की मांग की जा रही है। उन्होंने फरीदकोट के गांव हरी नौ में बैंक मैनेजमेंट की कथित धमकियों से तंग आकर आत्महत्या करने वाले दो किसान भाइयों के परिवार को अभी तक न्याय न मिलने का आरोप लगाया। यूनियन का कहना है कि दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय, पुलिस प्रभावित किसानों को डरा-धमका रही है। रण सिंह चट्ठा ने यह भी मांग की कि देश के किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए खेती, डेयरी और पोल्ट्री सेक्टर को इंडिया-अमेरिका फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से बाहर रखा जाना चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *