अमृतसर में सांसद गुरजीत-औजला ने ओट सेंटर का निरीक्षण किया: मौके पर नशा करते व्यक्ति को पकड़ा, सरकार और पुलिस पर उठाए सवाल – Amritsar News

अमृतसर में सांसद गुरजीत-औजला ने ओट सेंटर का निरीक्षण किया:  मौके पर नशा करते व्यक्ति को पकड़ा, सरकार और पुलिस पर उठाए सवाल – Amritsar News




अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने मंगलवार को अजनाला विधानसभा क्षेत्र का दौरा करते हुए पंजाब में बढ़ते नशे के मुद्दे पर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को निशाने पर लिया। गांव चिमयारी के सरकारी अस्पताल और अजनाला सिविल अस्पताल में ओट सेंटर का निरीक्षण करने के बाद औजला ने कहा कि केवल दवा देने से नशे की समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ओट सेंटरों में बड़ी संख्या में युवा रोजाना दवा लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें पूरी तरह नशा मुक्त करने के लिए सरकार के पास कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। औजला ने कहा कि कई मरीज पिछले चार-पांच वर्षों से लगातार दवा ले रहे हैं, जबकि उनके इलाज के लिए पर्याप्त मनोवैज्ञानिक, मनोचिकित्सक और आधुनिक रीहैबिलिटेशन सेंटर उपलब्ध नहीं हैं। उनके मुताबिक, सरकार नशा विरोधी विज्ञापनों तक सीमित है, जबकि जरूरत जमीनी स्तर पर प्रभावी पुनर्वास व्यवस्था और बड़े नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। अस्पताल के पास खुलेआम नशा बिकने का आरोप अजनाला सिविल अस्पताल के पास खुलेआम नशा बिकने और किए जाने का आरोप लगाते हुए औजला ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल के पास एक बंद पड़ी इमारत में नशे की गतिविधियां चल रही हैं। उनके पहुंचने पर कुछ युवक मौके से भाग गए, जबकि कुछ को वहीं पकड़ा गया। उन्होंने पूछा कि जब पुलिस थाना पास में है तो क्या पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने दोहराया कि नशे जैसी गंभीर सामाजिक चुनौती से निपटने के लिए सरकार को ईमानदार, प्रभावी और सख्त कदम उठाने होंगे। कांग्रेस नेतृत्व पर फैसला हाईकमान करेगा राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए औजला ने कहा कि पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस आगामी चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में ही लड़ेगी। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव प्रचार समिति का चेयरमैन बनाए जाने को हाईकमान का महत्वपूर्ण फैसला बताया। ‘सतलुज’ विवाद पर व्हाइट पेपर की मांग फिल्म “सतलुज” को लेकर चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए औजला ने कहा कि पंजाब में आतंकवाद के दौर में मारे गए सभी निर्दोष लोगों को लेकर सरकार को एक व्हाइट पेपर जारी करना चाहिए, ताकि पूरी सच्चाई जनता के सामने आ सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *