लुधियाना में रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी क्रेटा का शीशा तोड़ा: खाना खाने गया था मालिक, एप्पल आईपैड और जरूरी सामान ले उड़े – Ludhiana News
लुधियाना के मेट्रो रोड स्थित एक मशहूर रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम देते हुए कार से एप्पल आईपैड समेत कई जरूरी सामान चोरी कर लिया। शिकायत मिलने के बाद थाना मोती न
.
हैबोवाल कलां के न्यू पटेल नगर निवासी 43 वर्षीय राजन नुकराल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 जुलाई 2026 को वह अपनी क्रेटा कार (नंबर PB 10 JE 8674) से मेट्रो रोड स्थित बसंत रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। उन्होंने कार को रेस्टोरेंट के बाहर लॉक करके खड़ा किया था। इसी दौरान मौका पाकर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे।
आईपैड, एक्टिवा की चाबी और बिल ले उड़े चोर
बदमाशों ने क्रेटा कार का शीशा तोड़कर अंदर रखा एप्पल आईपैड (Apple iPad), कुछ दवाइयों के बिल, एक्टिवा की चाबी और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन की पार्किंग पर्ची चोरी कर ली। खाना खाने के बाद जब राजन वापस लौटे तो कार का शीशा टूटा हुआ था और अंदर से सामान गायब था। यह देखकर वह हैरान रह गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। थाना मोती नगर पुलिस ने 13 जुलाई को राजन नुकराल के बयानों के आधार पर दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत एफआईआर (नंबर 167) दर्ज कर ली है।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही
मामले की जांच एएसआई सोनी कुमार को सौंपी गई है। पुलिस इलाके और रेस्टोरेंट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

