मोगा में लावारिस शव की नहीं हुई पहचान: समाज सेवा सोसायटी ने 72 घंटे बाद किया अंतिम संस्कार – Moga News
मोगा की समाज सेवा सोसायटी (रजि.) ने 72 घंटे तक पहचान का इंतजार करने के बाद एक अज्ञात व्यक्ति के शव का अंतिम संस्कार किया। सोसायटी ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश करते हुए यह कार्य पूरे सम्मान के साथ संपन्न किया। यह शव 7 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे धर्मकोट क्षेत्र के गांव इंदगढ़ के पास एक नहर से लावारिस हालत में बरामद हुआ था। शव को नहर से बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। मृतक के शरीर पर पहचान संबंधी टैटू भी बने थे, जिनके आधार पर उसकी पहचान का प्रयास किया गया। समाज सेवा सोसायटी के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया। पुलिस ने शव समाज सेवा सोसायटी को सौंपा हालांकि, 13 जुलाई तक भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी और न ही कोई परिजन सामने आया। धर्मकोट थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए समाज सेवा सोसायटी (रजि.) मोगा को सौंप दिया। सोसायटी के सदस्यों ने धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शव का अंतिम संस्कार किया। इस कार्य में लकड़ी की व्यवस्था प्रोफेसर राणा सूद ने की। सोसायटी ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो या उसकी पहचान हो सके, तो वे समाज सेवा सोसायटी (रजि.) मोगा या थाना धर्मकोट पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। मृतक की अस्थियां सुरक्षित रखी गई हैं, जिन्हें पहचान होने पर परिजनों को सौंपा जा सकता है। समाज सेवा सोसायटी ने बताया कि संस्था लंबे समय से 24 घंटे आपातकालीन सेवा के तहत लावारिस शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कर मानव सेवा का कार्य कर रही है।
Source link

