PM मोदी जालंधर को देंगे नई ट्रेन: संत रविदास के नाम पर चलेगी, 17 को आएंगे, CP और DC ने किया रैली स्थल का निरीक्षण – Jalandhar News
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 17 जुलाई को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन सहित देश के 75 आधुनिक रेलवे स्टेशनों को जनता को समर्पित करने जा रहे हैं। पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर जालंधर में तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो चुकी हैं और सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है। इस भव्य कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री पंजाब के अमृतसर (छहर्टा) और उत्तर प्रदेश के वाराणसी को जोड़ने वाली एक नई स्पेशल ट्रेन ‘श्री संत रविदास एक्सप्रेस’ की घोषणा भी करेंगे। पीएम मोदी के इस दौरे से दोआबा क्षेत्र को कई बड़ी सौगातें मिलने की उम्मीद है। सुरक्षा का जायजा लेने आज CP और DC जालंधर कैट रेलवे स्टेशन पहुंचे। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन अब पूरी तरह से नए, आधुनिक और भव्य रंग-रूप में सजकर तैयार हो चुका है। आगामी 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पुनर्विकसित स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए जालंधर कैंट स्टेशन पर एक विशाल वाटर-प्रूफ पंडाल (टेंट) लगाया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रवनीत सिंह बिट्टू ने स्वयं स्टेशन परिसर का किया था दौरा केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने स्वयं स्टेशन परिसर का दौरा कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया है। उनके दौरे के बाद से रेलवे के उच्च अधिकारियों की टीमें लगातार स्टेशन की तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है। स्टेशन के मुख्य रास्तों पर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की ड्यूटी लगा दी गई है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर रेलवे बोर्ड ने अमृतसर के छहर्टा और वाराणसी के बीच नई ट्रेन ‘श्री संत रविदास एक्सप्रेस’ (14624/14623) चलाने की मंजूरी दे दी है। आधुनिक एलएचबी कोच वाली यह शानदार एक्सप्रेस ट्रेन हफ्ते में तीन दिन चलेगी। इस सीधी ट्रेन सेवा के शुरू होने से पंजाब से वाराणसी (काशी) जाने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों का सफर बेहद सुगम, सुरक्षित और आरामदायक हो जाएगा। श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए यह ट्रेन अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर और जौनपुर सिटी स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन की समय-सारणी ट्रेन संख्या 14624 (छहर्टा से वाराणसी): यह ट्रेन हर बुधवार, शुक्रवार और रविवार को दोपहर 14:05 बजे छहर्टा से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:15 बजे वाराणसी पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 14623 (वाराणसी से छहर्टा): यह ट्रेन हर वीरवार, शनिवार और सोमवार को शाम 19:50 बजे वाराणसी से चलेगी और अगले दिन शाम 17:10 बजे छहर्टा पहुंचेगी। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की आधुनिक विशेषताएं यात्रियों के आराम से बैठने और घूमने के लिए स्टेशन पर 36 मीटर चौड़ा (1,770 वर्गमीटर) डबल-हाइट एयर कॉनकोर्स बनाया गया है। बुजुर्गों, मरीजों और दिव्यांगों को राहत देने के लिए आधुनिक लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा को शुरू कर दिया गया है। प्लेटफॉर्म को धूप और बारिश से बचाने के लिए 40 मीटर चौड़ी ट्रफ रूफ (स्टील की छत) लगाई गई है, जो 200 मीटर लंबे प्लेटफॉर्म को कवर करती है। दोनों तरफ से एंट्री व बड़ी पार्किंग
दोनों हिस्सों से स्टेशन में प्रवेश की सुविधा दी गई है। इसके लिए दूसरी तरफ 300 वर्गमीटर का नया स्टेशन भवन और वाहनों के लिए 4,855 वर्गमीटर का एक बड़ा पार्किंग एरिया तैयार किया गया है।
Source link

