फरीदकोट में CIA स्टाफ की कार्रवाई: 586 ग्राम हेरोइन और 60 हजार रुपए की ड्रग मनी समेत तीन तस्कर गिरफ्तार – Faridkot News
फरीदकोट में जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 586 ग्राम हेरोइन और 60 हजार रुपए की ड्रग मनी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले कार सवार दो तस्करों से 515 ग्राम हेरोइन और 60 हजार रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई। उनकी पूछताछ के आधार पर एक अन्य आरोपी को 71 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमनदीप सिंह उर्फ रमन और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी गांव महावा, जिला अमृतसर तथा बलविंदर सिंह उर्फ लाडी निवासी गांव नूरपुर हकीमा, जिला मोगा के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ थाना सिटी फरीदकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए स्टाफ के एएसआई हाकम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जब टीम फरीदकोट की दाना मंडी क्षेत्र में पहुंची तो वहां एक आई-20 कार में सवार रमनदीप सिंह और गुरप्रीत सिंह को शक के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 515 ग्राम हेरोइन और 60 हजार रुपए की ड्रग मनी बरामद हुई। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके साथी प पलविंदर सिंह उर्फ लाडी को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 71 ग्राम हेरोइन बरामद कर ली। कोर्ट से पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी-जांच अधिकारी इस मामले के जांच अधिकारी एएसआई हाकम सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। पूछताछ के दौरान बरामद हेरोइन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जाएंगे। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
Source link

