पलवल-गुरुग्राम पुलिस ने पकड़ा एक लाख का इनामी बदमाश: पंजाब का रहने वाला, परिवार को बंधक बनाकर डकैती में शामिल, लूट के 6 केस – Palwal News
एसटीएफ गुरुग्राम और हथीन थाना पुलिस ने एक लाख पांच हजार रुपए के अंतरराज्यीय इनामी बदमाश शंकर पहलवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुक्तसर साहिब (पंजाब) के मैना गांव का निवासी है। उस पर हथीन में बंधक बनाकर की गई डकैती और लूट के मामले में फरार होने का आरोप था। यह मामला 23 अप्रैल 2026 का है, जब हथीन के वार्ड नंबर 10, खरिया मोहल्ला निवासी सन्नी के घर में रात के समय 8-10 हथियारबंद बदमाश घुस गए थे। उन्होंने पूरे परिवार को बंधक बना लिया और सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए थे। लूट कांड के दो आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हथीन थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि पीड़ित मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों, अलीगढ़ (यूपी) निवासी सुभाष और नौझील (यूपी) निवासी नरेश को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी कड़ी में, संयुक्त टीम ने गिरोह के मुख्य सरगना शंकर पहलवान को भी गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। शंकर पहलवान की आपराधिक पृष्ठभूमि गंभीर अपराधों से भरी है। उसके खिलाफ हत्या, डकैती और लूट के प्रदेश के विभिन्न जिलों के थानों में छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने चार दिन की रिमांड पर लिया आरोपी शंकर पहलवान पर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा 1 लाख रुपए और हरियाणा पुलिस द्वारा पांच हजार रुपए का इनाम घोषित है। संयुक्त टीम ने उसे दबोच लिया है। पुलिस द्वारा शंकर पहलवान को कोर्ट में पेश कर लूट के माल की बरामदगी, वारदात में प्रयुक्त हथियार व कटर बरामद करने तथा पंजाब, उत्तर प्रदेश व राजस्थान में छिपे इसके अन्य साथियों के ठिकानों पर दबिश देने के लिए चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वारदात से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Source link

