अबोहर विधायक संदीप जाखड़ भाजपा पार्षदों संग नगर निगम पहुंचे: ​अधिकारी मिले गायब, मानसून से पहले सीवरेज दुरुस्त करने की मांग – Abohar News

अबोहर विधायक संदीप जाखड़ भाजपा पार्षदों संग नगर निगम पहुंचे:  ​अधिकारी मिले गायब, मानसून से पहले सीवरेज दुरुस्त करने की मांग – Abohar News




अबोहर शहर की चरमराई सीवरेज व्यवस्था और ठप पड़े विकास कार्यों को लेकर विधायक संदीप जाखड़ ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को विधायक जाखड़ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षदों के साथ नगर निगम कार्यालय का औचक दौरा किया। उन्होंने मानसून की दस्तक से पहले शहर की बुनियादी समस्याओं को तुरंत दुरुस्त करने की पुरजोर मांग की। निगम कार्यालय से सीनियर अधिकारी गायब, डायरी करवाया मांग पत्र जब विधायक संदीप जाखड़ पार्षदों के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे, तो वहां कमिश्नर समेत कोई भी सीनियर अधिकारी मौजूद नहीं था। शीर्ष अधिकारियों की इस गैर-मौजूदगी पर विधायक ने गहरी नाराजगी और असमर्थता व्यक्त की। अधिकारियों के न मिलने पर उन्होंने अपना मांग पत्र कार्यालय के स्टाफ को सौंपकर उस पर बकायदा डायरी नंबर लगवाया और उसे जमा कराया। मानसून सिर पर, लेकिन सीवरेज व्यवस्था राम भरोसे संदीप जाखड़ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मानसून का सीजन शुरू होने वाला है और ऐसे में शहर के कई रिहायशी व व्यापारिक इलाकों में भारी जलभराव (वॉटर लॉगिंग) की गंभीर समस्या पैदा हो सकती है। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन ने सीवरेज व्यवस्था को सुधारने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं। उन्होंने आगे कहा कि नगर निगम में मेयर का चुनाव लंबे समय से अटका हुआ है, जिससे विकास कार्य पहले ही पटरी से उतर चुके हैं और रही-सही कसर अधिकारियों की यह गैर-जिम्मेदाराना अनुपस्थिति पूरी कर रही है। पंजाब सरकार पर लगाया अबोहर से भेदभाव का आरोप विधायक संदीप जाखड़ ने आरोप लगाते हुए कहा कि “पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार अबोहर शहर के साथ सीधे तौर पर सौतेला व्यवहार और भेदभाव कर रही है। राज्य के अन्य शहरों के मुकाबले अबोहर को नाममात्र की ग्रांट जारी की गई है, जिससे सभी विकास कार्य पूरी तरह बाधित हो गए हैं। सरकार की इसी अनदेखी के कारण आज पूरा शहर सीवरेज और बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है।” ‘आप’ पार्षदों से दलगत राजनीति से ऊपर उठने की अपील, दी चेतावनी विधायक जाखड़ ने आम आदमी पार्टी (AAP) के स्थानीय पार्षदों से भी अपील की कि वे पार्टीबाजी और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अबोहर के विकास के लिए आगे आएं और सरकार से पर्याप्त फंड दिलवाने में अपना सहयोग दें। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता है। अगर मानसून से पहले इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे जनता के हक के लिए इस लड़ाई को और उग्र व मजबूत करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *