अमृतसर पुलिस ने 280-एनडीपीएस मामलों के जब्त-नशीले पदार्थ नष्ट किए: CP बोले ड्रग तस्करों पर सख्ती और अभियान लगातार जारी रहेगा – Amritsar News
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के 280 मामलों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को कानूनी प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई खन्ना पेपर मिल में ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बरामद किए गए मादक पदार्थों का समय पर निपटारा करना भी उतना ही जरूरी है, जितना उनकी बरामदगी। उन्होंने कहा कि जिन 280 मामलों का निपटारा किया गया, उनमें 12.9 किलोग्राम हेरोइन, लाखों नशीले कैप्सूल और गोलियां, 4.38 लाख ग्राम से अधिक नशीला पाउडर, 12 किलोग्राम पोस्त, 3.15 किलोग्राम स्मैक के अलावा चरस, गांजा, भांग और अन्य नशीले पदार्थ शामिल थे। ड्रोन से हो रही तस्करी बड़ी चुनौती: गुरप्रीत सिंह भुल्लर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए हो रही नशा तस्करी पंजाब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। इसके बावजूद अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और बड़े ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2026 से अब तक कुल 2,176 एनडीपीएस मामलों में जब्त नशीले पदार्थों का कानूनी तरीके से निपटारा किया जा चुका है। इससे पुलिस थानों और मालखानों में जगह खाली हुई है और भविष्य में जब्त किए जाने वाले माल को सुरक्षित रखने में भी सुविधा मिलेगी। यह पूरी कार्रवाई ड्रग डिस्पोजल कमेटी के चेयरमैन डीसीपी इन्वेस्टिगेशन रविंदर पाल सिंह, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन जगविंदर सिंह, एसीपी डिटेक्टिव इंद्रजीत सिंह और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कानूनी प्रोटोकॉल के तहत संपन्न की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Source link

