जालंधर-मोगा हाईवे पर सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल, पुलिस जांच शुरु – Nakodar News
जालंधर-मोगा नेशनल हाईवे पर गांव लदड़ा अड्डे के पास मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की लापरवाही के कारण हुआ। तीनों युवक आपस में दोस्त और कबड्डी खिलाड़ी थे। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक मोटरसाइकिल पर मलसियां साइड से आ रहे थे। लदड़ा अड्डे पर पराली से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी, जिसके चालक ने बिना पीछे देखे अचानक वाहन को सड़क पर ले आया। पीछे से आ रही मोटरसाइकिल सीधे ट्रॉली पर लदी पराली की गांठों से टकरा गई।
दो लोगों की मौत, एक घायल टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक सड़क पर गिर गए। इसके तुरंत बाद वे पीछे से आ रही एक अन्य ट्रॉली की चपेट में आ गए। इस हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती मृतकों की पहचान गांव पंधेरा निवासी 16 वर्षीय हरजोत सिंह पुत्र तीरथ सिंह (प्लस टू छात्र) और गांव खानपुर ढड्डा निवासी 23 वर्षीय गुरदीप सिंह दीपा पुत्र अंग्रेज सिंह के रूप में हुई है। गुरदीप की कुछ ही दिनों बाद यूके जाने की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। वहीं, उनका तीसरा दोस्त, गांव बिल्ला चाऊ निवासी 17 वर्षीय हरदीप सिंह पुत्र सरबजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जालंधर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की कुछ PHOTO
पीड़ित परिवार के बयान पर आगे की कार्रवाई होगी घटना के तुरंत बाद भाग रहे आरोपी ट्रैक्टर चालक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। थाना सदर प्रभारी परलविंदर सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नकोदर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। आरोपी चालक की पहचान कर ली गई है और पीड़ित परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे की सूचना मिलते ही हलका विधायक इंद्रजीत कौर भी तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचीं और उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया।
Source link

