सरपंची विवाद में खूनी झड़प: अमृतसर के भकना कलां में अंधाधुंध फायरिंग में एक की मौत, घायल सहित 9 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में – Amritsar News

सरपंची विवाद में खूनी झड़प:  अमृतसर के भकना कलां में अंधाधुंध फायरिंग में एक की मौत, घायल सहित 9 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में – Amritsar News




अमृतसर के घरिंडा थाना क्षेत्र के गांव भकना कलां दाना मंडी में सरपंची को लेकर चल रहा विवाद खूनी झड़प में बदल गया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। डीएसपी अटारी यादविंदर सिंह के अनुसार, 9 जुलाई की शाम करीब साढ़े सात बजे थाना घरिंडा के एसएचओ इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह को सूचना मिली थी कि गांव भकना कलां में सरपंच गुरदीप सिंह और पंचायत सदस्य प्रगट सिंह के गुट आमने-सामने हैं। डीएसपी ने बताया कि सरपंच गुरदीप सिंह और पंचायत सदस्य परगट सिंह उर्फ बल्लू के बीच लंबे समय से सरपंची को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों गुटों ने दाना मंडी में आमने-सामने होने को टाइम डाला था। दोनों तरफ से 10 से 15 गाड़िया युवकों के साथ आई और बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। फायरिंग में एक की मौत, एक घायल सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों की ओर से कई राउंड गोलियां चल चुकी थीं। इस गोलीबारी में प्रगट सिंह पक्ष के गुरशरण सिंह उर्फ चीनी, निवासी गांव कोटली सक्का, थाना राजासांसी की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति सुखमन घायल हो गया। घायल समेत 9 आरोपी पुलिस गिरफ्त में पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को मौके और आसपास से गिरफ्तार किया। वहीं घायल सुखमन अस्पताल में भर्ती है, जहां पुलिस ने सुरक्षा तैनात कर उसे भी गिरफ्तार दिखाया है। इस तरह अब तक कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *