फतेहाबाद में पकड़े दो नशा तस्कर: पंजाब से ला रहे थे डोडापोस्त; दोनों के खिलाफ केस दर्ज – Fatehabad (Haryana) News
फतेहाबाद की एंटी नारकोटिक्स सेल और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को 15 किलो 155 ग्राम डोडा पोस्त सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब से मोटरसाइकिल पर नशीले पदार्थ की खेप लेकर हरियाणा आ रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल के एएसआई प्रेम कुमार अपनी टीम के साथ गांव हांसपुर बस अड्डे के पास नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव मड़ निवासी सुखचैन सिंह तथा पंजाब के मानसा जिले के गांव गंडू खुर्द निवासी हरविंद्र सिंह उर्फ काकू मोटरसाइकिल पर डोडा पोस्त लेकर सरदूलगढ़ की तरफ से आने वाले हैं। नाकेबंदी कर शुरू की वाहनों की जांच सूचना के आधार पर पुलिस ने हांसपुर-सरदूलगढ़ रोड पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद बताए गए नंबर की प्लेटिना मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक बंद हो गया। पुलिस ने दोनों युवकों को मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस ने राजपत्रित अधिकारी के रूप में डीएसपी संजय बिश्नोई को सूचना दी। इसके बाद डीएसपी की मौजूदगी में उनकी तलाशी ली गई। उनके पास रखे प्लास्टिक कट्टे में से 15 किलो 155 ग्राम डोडा पोस्त मिला। सदर थाना प्रभारी प्रहलाद राय के अनुसार, पुलिस ने नशीला पदार्थ और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 15बी, 61 व 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
Source link

