कीर्ति चक्र विजेता अजय पठानिया का 18वां बलिदान दिवस: पठानकोट में श्रद्धांजलि समारोह, SP सुखविंदरपाल ने किया नमन – Pathankot News

कीर्ति चक्र विजेता अजय पठानिया का 18वां बलिदान दिवस:  पठानकोट में श्रद्धांजलि समारोह, SP सुखविंदरपाल ने किया नमन – Pathankot News




पठानकोट के गांव कानवां स्थित आर.के. रिजॉर्ट में आईटीबीपी की 9वीं बटालियन के कीर्ति चक्र विजेता शहीद हवलदार अजय पठानिया का 18वां बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सैन्य अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में एसपी सुखविंदरपाल सिंह और जिला शिक्षा अधिकारी कमलदीप कौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इनके अलावा बीएसएफ की 109वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट आर.के. राघव, शहीद की माता सुदर्शना देवी, पत्नी पूनम पठानिया, बेटी रिदिमा पठानिया तथा अन्य परिजनों सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरकारी हाई स्कूल कानवां में बने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। सहायक कमांडेंट पवन कुमार के नेतृत्व में आईटीबीपी की 52वीं बटालियन के जवानों ने रीथ चढ़ाकर शहीद को सलामी दी। इसके बाद आर.के. रिजॉर्ट में आयोजित मुख्य समारोह में बीएसएफ के जवानों ने शस्त्र उल्टे कर और बिगुल की धुन के साथ शहीद को सम्मान दिया। शहीद की माता ने ज्योति प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया शहीद की माता सुदर्शना देवी और अन्य अतिथियों ने ज्योति प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए एसपी सुखविंदरपाल सिंह ने कहा कि हवलदार अजय पठानिया का बलिदान देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष पूर्व अफगानिस्तान में भारतीय दूतावास पर हुए फिदायीन हमले को नाकाम करते हुए अजय पठानिया ने अद्वितीय साहस और वीरता का परिचय दिया था। उनका यह बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि देश की रक्षा करते हुए शहादत प्राप्त करने वाले सैनिक कभी नहीं मरते, बल्कि अमर हो जाते हैं। समारोह के दौरान शहीद परिवार को भी सम्मानित किया गया और उपस्थित लोगों ने देश की सेवा में उनके योगदान को नमन किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *