पठानकोट आरएसडी में 456 दिन बाद धरना खत्म: सरकार एक हफ्ते में बनाएगी कमेटी; सलारिया और मंत्री गोयल में बैठक के बाद फैसला – Pathankot News
पठानकोट के रणजीत सागर डैम (आरएसडी) पर 456 दिनों से चल रहा प्रदर्शन समाप्त हो गया है। प्रदर्शनकारियों और पंजाब सरकार के बीच गतिरोध खत्म होने के बाद यह घोषणा की गई। वरिष्ठ नेता स्वर्ण सलारिया और कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल की बैठक के बाद धरना समाप्त करने का निर्णय लिया गया। रणजीत सागर डैम एवं एसपीके डैम प्रोजेक्ट्स के चीफ इंजीनियर ने इस घटनाक्रम की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जल स्रोत मंत्री बरिंदर कुमार गोयल दो दिन पहले डैम पर आए थे और उन्होंने संघर्ष कमेटी के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। चीफ इंजीनियर के अनुसार, मंत्री गोयल ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि यदि उन्हें किसी नाइंसाफी का अनुभव हुआ है, तो सरकार एक विशेष कमेटी का गठन करेगी। इस कमेटी का फैसला पूरी तरह पारदर्शी होगा। मंत्री ने उनसे धरना समाप्त करने की अपील की ताकि आगे की कार्रवाई सुचारु रूप से हो सके। चीफ इंजीनियर ने प्रदर्शनकारियों से अपना मांग-पत्र भी सौंपने को कहा है। प्रभावित परिवारों के युवाओं को रोजगार के लिए दिया धरना समझौते के तहत, एक सप्ताह के भीतर एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा। यह कमेटी जल्द ही अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी, जिसके बाद प्रभावित परिवारों के युवाओं को रोजगार और उनके अधिकार दिए जाएंगे। नेताओं ने धरना स्थल का संचालन करने वाले संधू और अनिल भारद्वाज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि संधू ने 456 दिनों तक इस धरने को अनुशासित तरीके से चलाया।
Source link

