अमृतसर में 25 किलो हेरोइन बरामद: वर्ना कार सवार 3 तस्कर गिरफ्तार, पाकिस्तान से ड्रोन से आई थी खेप – Amritsar News

अमृतसर में 25 किलो हेरोइन बरामद:  वर्ना कार सवार 3 तस्कर गिरफ्तार, पाकिस्तान से ड्रोन से आई थी खेप – Amritsar News




अमृतसर में पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने अमृतसर के महिता रोड स्थित गांव गिल के नजदीक एक वर्ना कार से 25 किलो हेरोइन बरामद की है। इस दौरान कार में सवार तीन कथित तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में पहुंचाई गई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा खरौड़, रवि कुमार निवासी दसूहा और विशाल कुमार निवासी गांव अंगड़, जिला अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा खरौड़ कुख्यात सोनू खत्री गैंग से जुड़ा है। उसके खिलाफ हत्या, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत 9 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने की नाकाबंदी सूत्रों के मुताबिक, काउंटर इंटेलिजेंस को इस हेरोइन खेप की आवाजाही के संबंध में पुख्ता सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर सेक्टर इंचार्ज इंदरदीप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने महिता रोड पर नाकाबंदी की। संदिग्ध वर्ना कार को रोकने के बाद तलाशी ली गई, जिसमें 25 किलो हेरोइन बरामद हुई और तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करी नेटवर्क के संपर्क में थे। वे ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से भेजी गई खेप को प्राप्त कर आगे उसकी आपूर्ति करते थे। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क, उसके स्थानीय सहयोगियों और आपूर्ति श्रृंखला का खुलासा किया जा सके। काउंटर इंटेलिजेंस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस खेप को पंजाब के किन जिलों या अन्य राज्यों में पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *