नशे के खिलाफ अर्थी-बैंड लेकर निकले टीटू बाणिया: जगराओं में SSP ऑफिस जाने से पहले पुलिस ने रोका, ढाबे पर लिया ज्ञापन – Jagraon News

नशे के खिलाफ अर्थी-बैंड लेकर निकले टीटू बाणिया:  जगराओं में SSP ऑफिस जाने से पहले पुलिस ने रोका, ढाबे पर लिया ज्ञापन – Jagraon News




जगराओं में नशे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे समाजसेवी टीटू बाणिया और उनके साथियों को पुलिस ने एसएसपी कार्यालय पहुंचने से पहले ही रोक दिया। प्रदर्शनकारियों को एक ढाबे पर बैठाकर पुलिस अधिकारियों ने उनसे ज्ञापन लिया, जिससे विरोध प्रदर्शन वहीं समाप्त हो गया। टीटू बाणिया अपने समर्थकों के साथ नशे के खिलाफ प्रशासन को जवाबदेह ठहराने और एसएसपी जगराओं को ज्ञापन सौंपने के लिए निकले थे। हालांकि, शहर में प्रवेश करने से पहले ही थाना दाखा के एसएचओ कुलजिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने उनके काफिले को रोक दिया। उन्हें शहर में जाने की अनुमति नहीं दी गई और एक निजी ढाबे पर बैठाया गया। इसी दौरान डीएसपी दाखा करण सिंह संधू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि इसे संबंधित अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया। टीटू बाणिया अपने काफिले के साथ कंधों पर अर्थी और बैंड-बाजे लेकर जगराओं पहुंचे थे। SSP ऑफिस नहीं पहुंचे प्रदर्शनकारी इस घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े किए हैं कि नशे जैसे गंभीर मुद्दे पर अपनी बात रखने निकले प्रदर्शनकारियों को एसएसपी कार्यालय तक क्यों नहीं जाने दिया गया। विरोध प्रदर्शन प्रशासनिक दफ्तर के बजाय एक ढाबे पर बातचीत और ज्ञापन सौंपने तक सीमित होकर रह गया। थाना दाखा के एसएचओ कुलजिंदर सिंह ने बताया कि प्रदर्शनकारियों का ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है और इसे नियमानुसार संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आगे भेजा जाएगा। स्थानीय लोगों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या नशे जैसे गंभीर मुद्दे पर उठने वाली आवाजों को केवल औपचारिक बातचीत और आश्वासनों तक ही सीमित रखा जाएगा, या इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई भी की जाएगी। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों की बात सुनते हुए उनका ज्ञापन स्वीकार कर लिया गया है और आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *