जगराओं में निर्माण के 3 दिन बाद ही उखड़ी सड़क: आप नेता ने गुणवत्ता पर उठाए सवाल, सीएम को भेजी शिकायत – Jagraon News

जगराओं में निर्माण के 3 दिन बाद ही उखड़ी सड़क:  आप नेता ने गुणवत्ता पर उठाए सवाल, सीएम को भेजी शिकायत – Jagraon News




लुधियाना जिले के जगराओं में करोड़ों रुपए की लागत से बनी जगराओं-बिजल सड़क निर्माण के 3 दिन बाद ही विवादों में घिर गई है। सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी है। आम आदमी पार्टी (आप) के युवा विंग के संयुक्त सचिव गोपी शर्मा ने सड़क को हाथों से उखाड़कर इसकी कथित घटिया गुणवत्ता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया। जिसके बाद यह मामला सुर्खियों में आया। गोपी शर्मा ने आरोप लगाया कि सड़क की सतह कांच की तरह टूट रही है और हाथ लगाने पर बजरी व अन्य सामग्री अलग हो रही है। उन्होंने बताया कि वाहनों की आवाजाही शुरू होते ही बजरी बिखरने लगी थी। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर उन्होंने सड़क की परत को हाथों से ही उखाड़ दिया, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। तीसरे दिन ही उखड़ी सड़क शर्मा ने बताया कि जब उन्होंने इस संबंध में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से बात की, तो उन्होंने ठेकेदार से संपर्क करने की बात कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। गोपी शर्मा ने आरोप लगाया है कि करोड़ों रुपए की लागत से बनी इस सड़क में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हुआ है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जानकारी के अनुसार, सरकार जगराओं से गांव बिजल तक लगभग 12-13 करोड़ रुपए की लागत से इस सड़क का निर्माण करा रही है। ठेकेदार ने कुछ दिन पहले ही तहसील रोड का निर्माण कार्य पूरा किया था, लेकिन तीसरे दिन ही सड़क की परत जगह-जगह से टूटने और बिखरने लगी। सीएम मान के पास भेजी शिकायत गोपी शर्मा ने इस मामले को गंभीर बताते हुए इसकी शिकायत मीडिया के साथ-साथ पंजाब के मुख्यमंत्री को भी भेजी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच की मांग की है। इस संबंध में जब चीफ इंजीनियर गगनदीप सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। अब देखना होगा कि करोड़ों रुपए की इस परियोजना पर उठे सवालों के बाद संबंधित विभाग जांच कराता है या नहीं, क्योंकि सड़क की गुणवत्ता को लेकर उठे ये आरोप सरकारी निर्माण कार्यों की पारदर्शिता पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *