अबोहर में मलूकपुर राजबाह टेल पर किसानों का धरना: सिंचाई के लिए पूरा पानी न मिलने पर सरकार को घेरा; MLA का CM पर निशाना – Abohar News

अबोहर में मलूकपुर राजबाह टेल पर किसानों का धरना:  सिंचाई के लिए पूरा पानी न मिलने पर सरकार को घेरा; MLA का CM पर निशाना – Abohar News




फाजिल्का जिले के अबोहर में मलूकपुर राजबाह की टेल पर स्थित गांवों के किसानों ने सिंचाई के लिए पर्याप्त नहरी पानी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। गांव गुमजाल और पन्नीवाला माहला सहित आसपास के किसानों ने नहरी कॉलोनी में यह प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायक संदीप जाखड़ भी किसानों के समर्थन में धरना स्थल पर पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि मलूकपुर राजबाह की टेल तक लंबे समय से पर्याप्त नहरी पानी नहीं पहुंच रहा है। पानी की कमी के कारण खेतों में खड़ी फसलें सूख रही हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। किसानों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। सरकार अपने वादे पूरे करने में असफल विधायक संदीप जाखड़ ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी इस मांग को हर स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों को टेल तक पूरा पानी पहुंचाने का वादा किया था, लेकिन जमीनी हकीकत अलग है। जाखड़ ने आरोप लगाया कि सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। पर्याप्त पानी नहीं पहुंचा तो फसलें होंगी खराब संदीप जाखड़ ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते टेल तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचाया गया तो किसानों की फसलें बर्बाद हो सकती हैं। उन्होंने सरकार और सिंचाई विभाग से तत्काल नहरी पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि किसानों की मेहनत और उनकी फसलों को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसानों के साथ मिलकर संघर्ष को और तेज किया जाएगा। विधायक जाखड़ ने सीएम मान पर साधा निशाना धरने के दौरान विधायक संदीप जाखड़ ने मुख्यमंत्री पर सीधा निशाना साधते हुए कहा मुख्यमंत्री भगवंत मान, जब भी आप विपासना से फुर्सत मिले तो आप अबोहर आएं और यहां का दौरा करें। अपने साथ सिंचाई मंत्री बरिंदर गोयल को भी लेकर आएं, तब आपको जमीनी असलियत का पता लगेगा कि टेलों पर पानी न होने की वजह से हमारे किसानों को कितनी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धरने के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार से मांग की कि मलूकपुर राजबाह की टेल तक नियमित और पूरा नहरी पानी पहुंचाया जाए ताकि किसानों को राहत मिल सके और उनकी फसलें सुरक्षित रह सकें। इस अवसर पर एसडीओ जसविंदर सिंह विरक् ने आश्वासन दिया कि कल तक टेल पर पानी पूरा कर दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *