जोकोविच विंबलडन के तीसरे दौर में पहुंचे: सितसिपास को 98 मिनट में सीधे सेटों में हराया; डिफेंडिंग चैंपियन सिनर की भी अगले राउंड में एंट्री
36 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
नोवाक जोकोविच ने विंबलडन के तीसरे दौर में जगह बना ली है। 39 साल के सर्बियाई स्टार ने ग्रीस के स्टेफानोस सितसिपास को महज 98 मिनट में सीधे सेटों में हराया। जोकोविच ने इस मैच को 6-3, 6-4, 6-2 से अपने नाम किया।
लंदन के सेंटर कोर्ट पर डिफेंडिंग चैंपियन जैनिक सिनर ने भी संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की। उन्होंने पुर्तगाल के नूनो बोर्गेस को हराया और टूर्नामेंट में लगातार 9वां मैच जीता। करीब 2 घंटे 32 मिनट चले मैच को सिनर ने 7-6 (7-4), 7-6 (7-2), 6-4 से जीता।
मैच के बाद जोकोविच बोले- उम्र सिर्फ एक नंबर है
जीत के बाद जोकोविच ने फैंस से बात करते हुए कहा, ‘मुझे ‘विंटेज’ शब्द पसंद है, यह सुनना अच्छा लगता है क्योंकि यह पुराने बेहतरीन दिनों की याद दिलाता है। जब आप कोर्ट पर इस तरह का खेल दिखाते हैं, तो आपको बहुत खुशी और संतुष्टि मिलती है।’ उन्होंने आगे कहा,’मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं।
जब मैं विंबलडन के सेंटर कोर्ट पर खेलता हूं, तो इन पलों को हल्के में नहीं लेता। यह मेरे बचपन के सपनों का टूर्नामेंट था। 30 साल से ज्यादा की उम्र में भी इस कोर्ट पर कदम रखना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मुझे लगता है कि उम्र सिर्फ एक नंबर है और यह बात बिल्कुल सच है।’

सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने मैच खत्म होने के बाद ग्रीस के स्टेफानोस सित्सिपास से हाथ मिलाया।
बॉल किड के साथ प्रैंक और रोरी मैक्लरॉय को चैलेंज
मैच के दौरान जोकोविच काफी रिलैक्स मूड में दिखे। तीसरे सेट से पहले ब्रेक के दौरान उन्होंने अपनी टी-शर्ट से धागा काट रही एक बॉल किड के साथ मजाक किया, जैसे कि उसने उन्हें चोट पहुंचा दी हो।
जोकोविच ने रॉयल बॉक्स में बैठे गोल्फर रोरी मैक्लरॉय को मजाकिया अंदाज में टेनिस मैच खेलने का चैलेंज भी दे दिया। जोकोविच ने कहा कि जो भी यह मैच जीतेगा, उसे वह ‘मास्टर्स ग्रीन ब्लेजर’ मिलेगा, जिसे पहनकर मैक्लरॉय मैच देखने आए थे।
डिफेंडिंग चैंपियन सिनर को बोर्गेस ने दी टक्कर
टूर्नामेंट के डिफेंडिंग चैंपियन और वर्ल्ड नंबर-1 जैनिक सिनर को पुर्तगाल के नूनो बोर्गेस के खिलाफ कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वर्ल्ड रैंकिंग में 48वें नंबर पर काबिज बोर्गेस ने कई मौकों पर सिनर से बेहतर खेल दिखाया और दूसरे सेट में एक समय वे सेट पॉइंट तक पहुंच गए थे, लेकिन सिनर ने दबाव के क्षणों में अपना अनुभव दिखाया और वापसी की।

जैनिक सिनर ने पुर्तगाल के नूनो बोर्गेस को हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया।
अब अगले दौर में रिंडरनेच से मुकाबला
टूर्नामेंट के अगले यानी तीसरे दौर में नोवाक जोकोविच का मुकाबला फ्रांस के 25वें सीड आर्थर रिंडरनेच से होगा। वहीं, जैनिक सिनर अगले दौर में अमेरिका के जेनसन ब्रूक्सबी से भिड़ेंगे जो वर्ल्ड रैंकिंग में 81वें नंबर पर हैं। सिनर के लिए यह जीत इसलिए अहम है, क्योंकि फ्रेंच ओपन के दूसरे दौर में मिली हार के बाद उन्होंने ग्रास कोर्ट पर अभ्यास के लिए किसी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया था, जिससे उनकी मैच फिटनेस को लेकर सवाल उठ रहे थे।
——————————————-
विंबलडन से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
संन्यास से लौटीं सेरेना विंबलडन के पहले राउंड में हारीं, 24 साल छोटी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने हराया

रिटायरमेंट से वापसी कर रही सेरेना विलियम्स को विंबलडन के पहले ही राउंड में हार गई हैं। 44 साल की सेरेना को उनसे 24 साल छोटी ऑस्ट्रेलिया की माया जॉइंट ने 6-3, 6-7, 6-3 से हराया। 23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना अब लेडीज डबल्स कैटेगरी में अपनी बड़ी बहन वीनस विलियम्स के साथ चुनौती पेश करेंगी। पढ़ें पूरी खबर


