अमृतसर एयरपोर्ट पर कस्टम और DRI का बड़ा एक्शन: पेस्ट और कड़ों के रूप में लाया गया 1.06 करोड़ का सोना बरामद – Amritsar News

अमृतसर एयरपोर्ट पर कस्टम और DRI का बड़ा एक्शन:  पेस्ट और कड़ों के रूप में लाया गया 1.06 करोड़ का सोना बरामद – Amritsar News




अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग और डीआरआई की टीम ने अलग-अलग तीन मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.06 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना बरामद किया है। इन तीनों मामलों में यात्रियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पहला मामला, डीआरआई अमृतसर और कस्टम अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शारजाह से फ्लाइट संख्या 6E1428 से पहुंचे एक यात्री को संदेह के आधार पर रोका। यात्री की विस्तृत जांच, एक्स-रे स्कैनिंग और व्यक्तिगत तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पेस्ट के रूप में 174 ग्राम सोना बरामद किया गया। सोने को निकालने के बाद उसका शुद्ध वजन 150.04 ग्राम पाया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 22 लाख 5 हजार 588 रुपये आंकी गई। दूसरा मामला, कस्टम अधिकारियों ने शारजाह से फ्लाइट संख्या IX-138 से पहुंची एक महिला यात्री को जांच के लिए रोका। विस्तृत जांच और एक्स-रे स्कैनिंग के दौरान उसके पास से पेस्ट के रूप में 114 ग्राम सोना बरामद किया गया। निष्कर्षण के बाद इसका शुद्ध वजन 90.21 ग्राम पाया गया, जिसकी कीमत 13 लाख 26 हजार 87 रुपये बताई गई। तीसरा और सबसे बड़ा मामला बीती रात का है। कस्टम अधिकारियों ने मेलबर्न से कुआलालंपुर होते हुए फ्लाइट संख्या MH-118 से अमृतसर पहुंचे एक पुरुष यात्री को रोका। जांच के दौरान उसके पास से 24 कैरेट सोने के दो कड़े और एक चेन बरामद हुई। बरामद सोने का कुल वजन 484 ग्राम और कीमत 70 लाख 66 हजार 400 रुपये बताई गई है। तीनों मामलों में बरामद सोने को कस्टम विभाग ने जब्त कर लिया है। अधिकारियों ने संबंधित यात्रियों को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है और यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि इन मामलों के पीछे कोई अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह सक्रिय है या नहीं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *