खराब और संकरी अप्रोच रोड से राहत अभी नहीं मिलेगी – Jalandhar News

खराब और संकरी अप्रोच रोड से राहत अभी नहीं मिलेगी – Jalandhar News



भास्कर न्यूज | जालंधर श्री गुरु रविदास जी आदमपुर एयरपोर्ट तक आने-जाने वाले यात्रियों को फिलहाल खराब और संकरी अप्रोच रोड से राहत मिलने में अभी और इंतजार करना पड़ेगा। एयरपोर्ट की फोरलेन अप्रोच रोड के लिए गांव डमुंडा से एयरपोर्ट तक करीब 1.25 किलोमीटर हिस्से में निशानदेही और टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन जमीन अधिग्रहण के बाद भी मुआवजे का भुगतान नहीं होने से विभाग को जमीन का कब्जा नहीं मिल पाया है। यही वजह है कि पीडब्ल्यूडी निर्माण कार्य शुरू नहीं कर पा रहा है, जबकि लंबे समय से यह प्रोजेक्ट यात्रियों की सुविधा के लिए प्राथमिकता में शामिल है। गांव डमुंडा से आदमपुर एयरपोर्ट तक फोरलेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव पिछले सालों में तैयार कर लिया गया था। इस प्रोजेक्ट के तहत करीब 4 किलोमीटर सड़क का निर्माण पहले ही किया जा चुका है सिर्फ 1.25 किलोमीटर एरिया अभी भी लोगों के लिए सिरदर्दी का कारण बना हुआ है। आदमपुर शहर से एयरपोर्ट तक करीब 5.50 किलोमीटर इस सड़क को फोरलेन करने को लेकर प्रोजेक्ट शुरू किया गया था, जिसमें करीब 4 किलोमीटर का हिस्सा तैयार हो चुका है और 1.25 किलोमीटर गांव डमुंडा, कंदोला से होते हुए एयरपोर्ट तक फोर लेन का हिस्सा बनाया जाएगा। दो-लेन के नेशनल या स्टेट हाईवे नियमों के मुताबिक 7.25-7.25 मीटर सड़क दोनों तरफ चौड़ी बनेगी और 1.50 मीटर सेंटर वर्ज तैयार होगा। पीडब्ल्यूडी निर्माण एजेंसी की तरफ से इस काम को अलॉट किया जाएगा। श्री गुरु रविदास जी एयरपोर्ट से इन दिनों रोजाना हिंडन, श्री नांदेड़ साहिब और बेंगलुरु जबकि दूसरी फ्लाइट मुंबई के लिए है। साल 2024 के मुकाबले साल 2025 में यात्रियों की संख्या दो गुणा तक दर्ज की गई है। मुंबई की फ्लाइट यात्रियों को एम्सटर्डम (नीदरलैंड) और मैनचेस्टर (इंग्लैंड) तक की कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा भी दे रही है। एयरपोर्ट अप्रोच रोड के लिए अब गांव डमुंडा और कंदोला में 7 एकड़ प्लस (60 कनाल 11 मरले) जमीन एक्वायर होनी है। उक्त जगह में 1 पोल्ट्री फार्म और 3 ट्यूबवैल था। इसके लिए मुआवजा राशि तय हो चुकी है, पीडब्ल्यूडी से 3.63 करोड़ रुपए के करीब पैसे लोगों को ब्याज सहित मुआवजा राशि बांटी जानी है। स्ट्रक्चर व ट्यूबवैल के लिए 35 लाख, गांव डमुंडा में 971 मरले : 2.47 करोड़, गांव कंदोला में 251 मरले : 79.83 लाख, कुल 60 कनाल 11 मरले जमीन के 3.63 करोड़ है। आदमपुर नहर से एयरपोर्ट तक 5.50 किलोमीटर लंबी फोर लेन 16 मीटर चौड़ा करने के इस प्रोजेक्ट पर करीब 42 करोड़ रुपए खर्च हो रहे है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *