पठानकोट में खाली बाल्टियां लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन: डेढ़ साल से पेयजल संकट पर फूटा गुस्सा; चुनाव के बहिष्कार की दी चेतावनी – Pathankot News
पठानकोट जिले के विधानसभा हलका सुजानपुर के गांव दुरंगखड्ड के परनामंड मोहल्ले में पिछले डेढ़ से डेढ़ वर्षों से जारी पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने खाली बाल्टियां और बर्तन लेकर वाटर सप्लाई एंड सेनिटेशन विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रतीकात्मक पिट-स्यापा भी किया। जिला प्रशासन से कई बार लगा चुके गुहार प्रदर्शन में शामिल पंचायत सदस्य नरेंद्र सिंह, सुरजीत सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मोहल्ले में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन को शिकायतें देने के बावजूद आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, हालात इतने खराब हैं कि उन्हें पीने के पानी के लिए तीन से चार किलोमीटर दूर जाना पड़ता है।
इस कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी की कमी से घरों के दैनिक कार्य, बच्चों की पढ़ाई और पशुओं की देखभाल भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। आगामी चुनावों में वोट का बहिष्कार करेंगे
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही लोगों की समस्याओं को भुला दिया जाता है। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि गांव में पेयजल आपूर्ति जल्द बहाल कर स्थायी समाधान किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि इस बार भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आगामी चुनावों में वोट का बहिष्कार करेंगे और किसी भी राजनीतिक दल के नेता को गांव में वोट मांगने नहीं आने देंगे। ग्रामीणों ने डिप्टी कमिश्नर पठानकोट, वाटर सप्लाई एवं स्वच्छता विभाग तथा संबंधित जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि पेयजल संकट का शीघ्र समाधान कर लोगों को राहत प्रदान की जाए। सरपंच बोले, प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका गांव के सरपंच रशीद मोहम्मद ने बताया कि करीब दो से तीन महीने पहले पंचायत की ओर से प्रस्ताव पारित कर डिप्टी कमिश्नर पठानकोट और वाटर सप्लाई विभाग के एस.डी.ओ. को भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा से भी बातचीत हुई है और जल्द दोबारा संपर्क कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। पूर्व विधायक दिनेश सिंह बब्बू ने समाधान का दिया भरोसा पूर्व विधायक एवं पूर्व डिप्टी स्पीकर पंजाब दिनेश सिंह बब्बू ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में उक्त मोहल्ले तक सड़क और पानी की पाइपलाइन बिछाई गई थी। उन्होंने बताया कि वह एक-दो दिनों में मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगे और संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे। एस.डी.ओ. से नहीं हो सका संपर्क वाटर सप्लाई एवं स्वच्छता विभाग के एस.डी.ओ. संजीव सैनी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बार-बार फोन करने पर उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला, जिसके कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
Source link

