अगस्त से सालासर- खाटू श्याम, मथुरा-वृंदावन और हरिद्वार-ऋषिकेश फ्री बसें: बटाला में केजरीवाल के बड़े ऐलान, पटियाला काली मंदिर पर खर्च होंगे 80 करोड़ – Pathankot News

अगस्त से सालासर- खाटू श्याम, मथुरा-वृंदावन और हरिद्वार-ऋषिकेश फ्री बसें:  बटाला में केजरीवाल के बड़े ऐलान, पटियाला काली मंदिर पर खर्च होंगे 80 करोड़ – Pathankot News




आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपनी धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ बटाला में आयोजित भव्य भजन संध्या ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ में शामिल होने पहुंचे। पंजाब सरकार द्वारा आयोजित इस धार्मिक समागम में मशहूर भजन गायक हंसराज रघुवंशी के भजनों पर झूमने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे पहुंचे थे।
केजरीवाल ने इस दौरान 2 बड़े ऐलान किए। जिसमें 80 करोड़ से पटियाला स्थित काली माता मंदिर का कायाकल्प और अगस्त से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में नए रूट शामिल करने की बात कही गई।
1 अगस्त से शुरू होंगे तीर्थ यात्रा के 3 नए रूट
अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ की सराहना करते हुए जनता से इसका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने घोषणा की, अभी इस योजना के तहत श्री आनंदपुर साहिब और श्री दरबार साहिब (अमृतसर) के लिए मुफ्त लग्जरी एसी बसें चल रही हैं। लेकिन 1 अगस्त से इसमें तीन नए रूट और जोड़े जा रहे हैं। अब श्रद्धालु सालासर व खाटू श्याम जी महाराज, मथुरा-वृंदावन और हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए भी जा सकेंगे। इन यात्राओं में आना-जाना, खाना-पीना और रहना सब कुछ सरकार की तरफ से बिल्कुल मुफ्त है।
80 करोड़ से भव्य बनेगा पटियाला का काली माता मंदिर
धार्मिक स्थलों के विकास का जिक्र करते हुए आप सुप्रीमो ने बताया कि पटियाला के ऐतिहासिक और बेहद मान्यता वाले श्री काली माता मंदिर का सौंदर्यकरण और विस्तार किया जा रहा है। सरकार इस पर 80 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। आर्किटेक्ट्स द्वारा तैयार किया गया इसका मॉडल बेहद शानदार है और सितंबर महीने तक यह भव्य मंदिर बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएगा, जिसके बाद अक्टूबर से श्रद्धालु इसके दिव्य दर्शन कर सकेंगे। पंजाब के 22 शहरों में करवाई जा रही हैं भजन संध्याएं
कार्यक्रम में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुझे पंजाब के लोगों ने बताया कि सनातन धर्म के लिए पंजाब के इतिहास में इतने बड़े स्तर पर कभी कार्यक्रम नहीं किए गए। जालंधर, अमृतसर और गुरदासपुर के बाद अब बटाला में यह दिव्य आयोजन हुआ है। इसी तरह पूरे पंजाब के 22 शहरों में इस भजन संध्या का आयोजन करवाया जा रहा है, जिससे लोग बेहद खुश हैं। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान सभी धर्मों को साथ लेकर चल रहे हैं। हाल ही में श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहादत दिहाड़ा और श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व भी पूरे सम्मान और बड़े स्तर पर मनाया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *