पठानकोट में गुरुद्वारा साहिब और शिव मंदिर में चोरी: कैश गायब; मूर्ति से चुराई सोने की नथ; CCTV खंगाल रही पुलिस – Pathankot News
पठानकोट के गांव जंडवाल में चोरों ने एक ही रात में तीन धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया। रविवार रात अज्ञात चोरों ने गांव के गुरुद्वारा साहिब और दो शिव मंदिरों के ताले तोड़कर कैश और देवी-देवताओं की मूर्तियों से सोने के आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला जंडवाल निवासी जतिंदर सिंह के बयान पर दर्ज किया गया है, जो गांव में खेतीबाड़ी के साथ-साथ गुरुद्वारा साहिब में सेवा का कार्य भी करते हैं। सुबह 4 बजे लगा वारदात का पता शिकायतकर्ता जतिंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सोमवार सुबह करीब 4:10 बजे उन्हें गांव के ही एक अन्य व्यक्ति महिंदर सिंह ने फोन पर सूचना दी कि गुरुद्वारा साहिब में चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही जतिंदर सिंह मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि गुरुद्वारा साहिब के मुख्य गेट, अंदरूनी दरवाजे और गोलक के ताले टूटे हुए थे। अनुमान है कि अज्ञात चोरों ने देर रात इस वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने गोलक का ताला तोड़कर उसमें रखी करीब 30 हजार रुपए की नकदी चुरा ली। मंदिर में माता की मूर्ति से चुराई सोने की नथ शिव मंदिर जंडवाल के प्रधान कुलविंदर सिंह ने बताया कि चोरों ने मंदिर के भीतर रखी माता जी की मूर्ति से सोने की नथ चोरी कर ली। वहीं, दूसरे शिव मंदिर के पूर्व प्रधान यशपाल राय (पुत्र प्रकाश चंद) ने बताया कि मंदिर परिसर में स्थित माता पार्वती जी की मूर्ति से भी सोने की नथ चोरी कर ली गई और गोलक तोड़कर करीब दो हजार रुपए की नकदी भी चुरा ली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की कार्रवाई गुरुद्वारा साहिब के सेवादार जतिंदर सिंह, मंदिर के प्रधान कुलविंदर सिंह और पूर्व प्रधान यशपाल राय की ओर से संयुक्त शिकायत मामून पुलिस को दी गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Source link

