लुधियाना में ट्रक ने एक्टिवा सवार एडवोकेट को कुचला, मौत:सब्जी लेकर लौट रहे थे, 4 बच्चों के पिता; बेटे की शिकायत पर एक्शन
लुधियाना में तेज रफ्तार ट्रक ने एक्टिवा सवार एडवोकेट को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शिव प्रेम सिंह के रूप में हुई है, जो शिवानी अस्पताल के पास कोहाड़ा के निवासी थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिव प्रेम सिंह पेशे से एडवोकेट थे। घटना 27 जून को शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। वे चंडीगढ़ रोड की ओर से एक्टिवा पर सब्जी लेकर लुधियाना लौट रहे थे और जंडियाली साइड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बेकाबू ट्रक (नंबर HR 37 D 9711) ने लापरवाही से उन्हें टक्कर मार दी और अपनी चपेट में ले लिया। मृतक एडवोकेट शिव प्रेम सिंह अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं, जबकि उनकी पत्नी गृहिणी हैं। पिता का साया उठ जाने से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे लवदीप सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज मृतक के बेटे लवदीप सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी ट्रक ड्राइवर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके पिता को टक्कर मारी। थाना फोकल पॉइंट की पुलिस ने शिकायत के आधार पर 28 जून 2026 को ट्रक चालक राजविंदर शर्मा, निवासी गांव अंधारी महाबलीपुर, थाना पालीगंज, जिला पटना (बिहार) के खिलाफ BNS की धारा 281, 106 और 324(4) के तहत मामला (FIR नंबर 140) दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है। मामले की आगे की जांच हेड कांस्टेबल गुरदीप सिंह और एएसआई राकेश कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
Source link

