अबोहर में 1500 रुपए की मजदूरी मांगने पर विवाद: दिव्यांग पिता-बेटे पर हमला, कापे के वार से बेटे की उंगली कटी – Abohar News
अबोहर के थाना खुईयां सरवर क्षेत्र के गांव जंडवाला हनुवंता में मजदूरी के 1500 रुपए मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक दिव्यांग व्यक्ति और उसके बेटे पर तेजधार हथियार से हमला किया गया, जिसमें बेटे की एक उंगली कट गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस झगड़े में दूसरे पक्ष के पति-पत्नी के भी घायल होने की सूचना है, जिन्हें इलाज के लिए श्रीगंगानगर के एक अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल सुभाष पुत्र कांशीराम ने बताया कि वह बचपन से पोलियो से पीड़ित हैं और एक पैर से दिव्यांग हैं। उनके बेटे भानी राम मार्बल लगाने का काम करते हैं। सुभाष के अनुसार, भानी राम ने गांव निवासी मंगतू के घर मजदूरी का काम किया था, जिसके 1500 रुपए बकाया थे। आरोप है कि जब भानी राम ने कई बार अपनी मजदूरी के पैसे मांगे तो विवाद बढ़ गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि इसी रंजिश के चलते शुक्रवार को मंगतू अपने कुछ साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और पिता-पुत्र को बाहर निकालकर मारपीट शुरू कर दी। लोगों ने पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया आरोप है कि हमलावरों ने तेजधार कापे से वार किए, जिससे भानी राम के हाथ की एक उंगली गंभीर रूप से घायल होकर कट गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दूसरी ओर, इस झगड़े में मंगतू और उसकी पत्नी के घायल होने की भी जानकारी मिली है। हालांकि उनका पक्ष सामने नहीं आ सका है। कल्लरखेड़ा चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

