पंजाब में BJP ने मेयर चुनाव के लिए लगाए ऑब्जर्वर: 2 निगम और 4 काउंसिल में मिला बहुमत; मनप्रीत बादल को अबोहर का जिम्मा – Jagraon News
पंजाब में होने वाले नगर निगम के मेयर और नगर काउंसिल प्रधान चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने मेयर और नगर काउंसिल अध्यक्षों के चुनाव की निगरानी और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग शहरों का ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के निर्देश पर यह नियुक्तियां की गई हैं। प्रदेश महासचिव अनिल सरीन की ओर से शुक्रवार को इस संबंध में आधिकारिक सूची जारी की गई। नगर निगम चुनावों के लिए इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी निगम चुनावों के मद्देनजर पार्टी ने 2 वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पठानकोट नगर निगम के लिए पूर्व सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक को ऑब्जर्वर बनाया गया है। अबोहर नगर निगम के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को जिम्मेदारी दी गई है। चार नगर काउंसिल चुनावों के लिए नियुक्त हुए पर्यवेक्षक नगर काउंसिलों के चुनाव को लेकर भी भाजपा ने अपने अनुभवी नेताओं को मैदान में उतारा है।फाजिल्का के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक के.डी. भंडारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मानसा के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरजीत ज्याणी को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। जगराओं में पूर्व कैबिनेट मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी चुनावी गतिविधियों पर नजर रखेंगे। नयागांव के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला को जिम्मेदारी दी गई है। स्थानीय नेताओं और पार्षदों के साथ करेंगे बैठकें पार्टी के अनुसार, नियुक्त किए गए सभी ऑब्जर्वर संबंधित शहरों का दौरा करेंगे और स्थानीय नेताओं, पार्षदों तथा संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति तैयार करेंगे। साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया में भी उनकी अहम भूमिका रहेगी। यहां देखे पार्टी की चिट्ठी…
Source link

