पेड़ के नीचे मिला टीबी पीड़ित व्यक्ति का शव: अबोहर में आधार कार्ड से हुई पहचान; परिजनों की तलाश जारी – Abohar News

पेड़ के नीचे मिला टीबी पीड़ित व्यक्ति का शव:  अबोहर में आधार कार्ड से हुई पहचान; परिजनों की तलाश जारी – Abohar News




अबोहर के महाराणा प्रताप मार्केट क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान राजकुमार पुत्र पूर्ण राम के रूप में हुई है, जो लंबे समय से लावारिस अवस्था में जीवन यापन कर रहा था और टीबी की गंभीर बीमारी से पीड़ित बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर सिटी टू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि शराब ठेके के पास एक पेड़ के नीचे एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दविंदर सिंह और एएसआई विनोद कुमार पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्य बिट्टू नरूला और सोनू ग्रोवर ने भी पुलिस की सहायता की। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया पुलिस ने समिति के सहयोग से शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के कपड़ों की तलाशी लेने पर उसके पास से पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद हुए, जिनके आधार पर उसकी पहचान राजकुमार के रूप में हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि राजकुमार पहले तारा एस्टेट कॉलोनी के पास रहता था। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से महाराणा प्रताप मार्केट में एक पेड़ के नीचे रह रहा था। वह टीबी से पीड़ित था और कुछ समय अस्पताल में भी भर्ती रहा था। लोगों का कहना है कि बीमारी और उचित देखभाल व पोषण न मिलने के कारण उसकी मौत हुई हो सकती है। पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजन राजस्थान के पदमपुर में रहते हैं, जबकि कुछ रिश्तेदार मलोट रोड क्षेत्र में भी बताए जा रहे हैं। शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखा गया है। परिजनों के आने पर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा, अन्यथा अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी सामाजिक संस्था को सौंपी जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *