अबोहर में रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिला: ट्रेन की चपेट में आने से मौत, 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया – Abohar News
अबोहर के गांव चूहड़ीवाला धन्ना और निहालखेड़ा के बीच रेलवे ट्रैक पर गुरुवार देर रात एक युवक का शव मिला। ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और पहचान के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जीआरपी के एएसआई बलदेव सिंह ने बताया कि गुरुवार रात करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि चूहड़ीवाला धन्ना के पास किलोमीटर नंबर 18 पर रेलवे लाइन के बीच एक युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही वे कांस्टेबल गुरमुख सिंह और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी प्राथमिक जांच में सामने आया कि युवक की मौत बीकानेर से अमृतसर जाने वाली ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि, यह मामला आत्महत्या का है या फिर हादसा, इस बारे में अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक युवक की उम्र करीब 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज या सामान बरामद नहीं हुआ। जिससे उसकी पहचान हो सके। जीआरपी पुलिस ने शव को 72 घंटे के लिए पहचान हेतु सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों में युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से भी सूचना साझा की जा रही है। मृतक के परिजनों का पता चलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

