पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स: कपड़ा व्यापारी पर फायरिंग कर भागे गैंगस्टर का गुरदासपुर में एनकाउंटर; अमृतसर एयरपोर्ट के क्रू को हटाया – Mohali News
बटाला में एनकाउंटर के बाद बदमाश घायल हो गया।
बटाला में पुलिस टीम और एक गैंगस्टर के गुर्गे के बीच आज मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए सिविल अस्पताल बटाला में भर्ती कराया गया है।
.
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले बटाला के एक नामी कपड़ा व्यापारी के घर को निशाना बनाकर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। हालांकि, निशाना चूकने के कारण गोलियां व्यापारी के घर की बजाय उसके पड़ोसी के मकान पर जा लगीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बलदेव सिंह नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसकी इस वारदात में मुख्य भूमिका सामने आई थी। (पढ़ें पूरी खबर)
एअर इंडिया का विमान PAK एयरस्पेस में जाने पर DGCA सख्त, अमृतसर एटीसी और क्रू को हटाया
भारत सरकार का नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एअर इंडिया की फ्लाइट AI-479 से जुड़ी उस घटना की जांच शुरू कर दी है, जिसमें विमान कुछ समय के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस में प्रवेश कर गया था।
मामले में समय पर जानकारी न देने को लेकर अमृतसर के संबंधित एअर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) और विमान के ऑपरेटिंग क्रू के खिलाफ अंतरिम कार्रवाई की गई है। जब तक जांच जारी है, तब तक उन्हें हटा दिया गया है।
घटना 22 जून की है, जब एअर इंडिया का एयरबस A321 (VT-PPV) दिल्ली से अमृतसर के लिए उड़ान भर रहा था। उस समय अमृतसर एअरपोर्ट पर पक्षी टकराने (बर्ड स्ट्राइक) की घटना के बाद रनवे की जांच चल रही थी, जिसके कारण फ्लाइट को लैंडिंग से पहले कुछ समय के लिए हवा में होल्ड करने के निर्देश दिए गए थे। (पढ़ें पूरी खबर)
लुधियाना सिविल अस्पताल में पुलिस कस्टडी से आरोपी फरार, एक दिन पहले गिरफ्तार हुआ था

लुधियाना में आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। पुलिस आरोपी को मेडिकल करवाने सिविल अस्पताल लाई थी। फरार आरोपी विपन कुमार कपूरथला का रहने वाला है। लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने उसे फिरोजपुर रोड से दो साथियों समेत गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने आरोपियों से अवैध हथियार भी बरामद किए थे। पुलिस तीनों आरोपियों का बुधवार को सिविल अस्पताल में मेडिकल करवा रही थी। इसी दौरान वो चकमा देकर वहां से निकला और पार्किंग में व्हीकल्स के बीच से फरार हो गया।
आरोपी भागते हुए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में भी कैद हो गया। पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर दो में एक नया आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई टीमें उसकी दोबारा गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
मोहाली में पुरुषों के पब्लिक टॉयलेट साफ नहीं करेंगी महिलाएं, नगर निगम ने तैयार किया प्रस्ताव

मोहाली शहर की विभिन्न मार्केटों और सार्वजनिक स्थानों पर बने पब्लिक टॉयलेट के मेल वार्ड की सफाई अब महिला मुलाजिम नहीं करेंगी। यह काम अब मेल मुलाजिम करेंगे। इस संबंध में मोहाली नगर निगम की तरफ से 26 जून को होने वाली मीटिंग में एजेंडा लाया जा रहा है।
इस संबंध में प्रस्ताव निगम के संयुक्त आयुक्त और सहायक आयुक्त की ओर से किए गए फील्ड दौरों और सैनिटरी निरीक्षकों के साथ हुई मीटिंग के बाद लिया गया है। इसके साथ ही शहर के पार्कों को अब रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को सौंपने के लिए अथॉरिटी गठित की जाएगी। साथ ही पहले के आधार पर यह पार्क सौंपे जाएंगे।
पहले सरकार की मंजूरी के बाद ही यह प्रक्रिया होती है। इस संबंध में 26 जून को होने वाली हाउस की मीटिंग में एजेंडा लाया जाएगा। यह नए मेयर सरबजीत समाना की पहली मीटिंग है। (पढ़ें पूरी खबर)

