शगनप्रीत सिंह के माता-पिता फिर पहुंचे हाईकोर्ट: पुलिस प्रताड़ना से सुरक्षा की मांग, पंजाब सरकार को नोटिस, कोर्ट ने 24 जुलाई तक मांगा जवाब – Chandigarh News
दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के करीबी रहे शगनप्रीत सिंह के माता-पिता ने एक बार फिर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने पुलिस द्वारा कथित तौर पर बार-बार तंग-परेशान किए जाने से सुरक्षा की मांग करते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर 24 जुलाई तक जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। याचिकाकर्ता दलजीत कौर और सौदागर सिंह ने अदालत को बताया कि खन्ना पुलिस लगातार उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है और अब तक उनके खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। उनका आरोप है कि जब भी डॉनी बल गैंग के नाम पर किसी व्यक्ति को फिरौती की कॉल आती है, तो पुलिस बिना पर्याप्त जांच के उनके परिवार को मामले में नामजद कर देती है। दो मामलों में मिली जमानत याचिका में कहा गया है कि दर्ज किए गए दो मामलों में अदालत उन्हें पहले ही जमानत दे चुकी है। इसके बावजूद पुलिस ने तीसरे मामले में सौदागर सिंह के साथ उनकी पत्नी दलजीत कौर को भी गिरफ्तार कर लिया। याचिकाकर्ताओं ने अदालत को बताया कि वे दोनों वरिष्ठ नागरिक हैं और उनका किसी भी आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद पुलिस लगातार उन्हें मामलों में घसीट रही है, जिससे उन्हें मानसिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। देर रात दीवार फांदकर घर में घुसने का आरोप याचिका में पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। दंपति का कहना है कि पुलिस ने देर रात उनके घर की दीवार फांदकर प्रवेश किया और कार्रवाई की। उन्होंने अदालत को बताया कि इस तरह की कार्रवाई से उनका परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका बेटा शगनप्रीत सिंह लंबे समय से परिवार से अलग है और उसे संपत्ति तथा पारिवारिक संबंधों से भी बेदखल किया जा चुका है। इसके बावजूद पुलिस उन्हें उसके नाम पर दर्ज मामलों से जोड़कर परेशान कर रही है। रिश्वत मांगने का भी लगाया आरोप माता-पिता ने अपनी याचिका में कुछ पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें मामलों से बाहर निकालने के नाम पर रिश्वत की मांग की गई। इस संबंध में उन्होंने पंजाब पुलिस के डीजीपी को शिकायत भी भेजी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। याचिकाकर्ताओं ने अदालत से मांग की है कि भविष्य में उनके खिलाफ कोई नया मामला दर्ज करने से पहले निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जाए। साथ ही उन्हें बिना ठोस आधार के किसी भी मामले में शामिल न किया जाए और अनावश्यक पुलिस कार्रवाई से संरक्षण दिया जाए। हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से मांगा जवाब मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने याचिका में लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पंजाब सरकार से जवाब तलब किया। अदालत ने सरकार को निर्देश दिए हैं कि वह याचिकाकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर अपना स्पष्ट पक्ष रखे। मामले की अगली सुनवाई 24 जुलाई को होगी। गौरतलब है कि शगनप्रीत सिंह के माता-पिता इससे पहले भी अपने खिलाफ दर्ज मामलों की जांच सीबीआई से करवाने की मांग को लेकर हाईकोर्ट पहुंचे थे। उस याचिका पर भी अदालत पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर चुकी है और मामला अभी विचाराधीन है। अब नई याचिका में उन्होंने पुलिस प्रताड़ना से सुरक्षा और भविष्य में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। हाईकोर्ट के नोटिस के बाद पंजाब सरकार को अदालत में अपना पक्ष रखना होगा।
Source link

