लुधियाना में 2 शूटर वारदात से पहले अरेस्ट: कारोबारी को मारने जा रहे थे; इंस्टाग्राम से हायर किए, ₹1 लाख की सुपारी मिली – Ludhiana News
लुधियाना में पुलिस ने गैंगस्टर डोनी बल और अर्ष बग्गा के दो शूटरों को वारदात से पहले गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी बेरोजगार युवक थे, जिन्हें इंस्टाग्राम के जरिए गैंगस्टरों ने अपने जाल में फंसाया। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले युवकों की प्रोफाइल और पोस्ट देखकर गैंगस्टर उनसे संपर्क करते थे। पहले सामान्य बातचीत कर विश्वास जीता जाता था, फिर पैसों का लालच देकर उन्हें अपराध की दुनिया में धकेला जाता था। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस और दैनिक भास्कर के साथ बातचीत में खुलासा किया कि उन्हें एक कारोबारी की हत्या करने का टास्क दिया गया था, जिसके बदले 1 लाख रुपए देने का वादा किया गया था। गैंगस्टरों ने उन्हें हथियार उपलब्ध कराने से लेकर टारगेट तक की पूरी योजना तैयार कर दी थी। दोनों आरोपी 17 जून की रात वारदात को अंजाम देने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही थाना डिविजन नंबर 5 की पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर उन्हें दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। जांच में यह भी सामने आया है कि डोनी बल और अर्ष बग्गा अपने गुर्गों से सीधे फोन पर नहीं, बल्कि टेलीग्राम एप के जरिए संपर्क में रहते थे, ताकि पुलिस की निगाहों से बचा जा सके। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पंजाब में कितने युवा इसी तरह सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टरों के संपर्क में आए हैं। गैंगस्टर युवाओं को कैसे बना रहे फुट सोल्जर्स, सिलसिलेवार जानिए… कारोबारी को गोली माने के कॉन्ट्रेक्ट को जानिए… ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर हुई गिरफ्तारी एडीसीपी देव सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंगस्टर डोनी बल और अर्ष बग्गा के दो गुर्गे शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव बद्दोवाल के नजदीक अयाली चौक और बस स्टैंड के पिछले हिस्से में नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ नीला और राजवीर सिंह उर्फ राजी निवासी मुल्लापुर दाखा, बद्दोवाल के रूप में हुई है। मोबाइल फोन खंगाल रही पुलिस ADCP देव सिंह ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गैंगस्टरों ने और कितने युवाओं से संपर्क किया था तथा इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में गैंगस्टर नेटवर्क और संभावित टारगेट्स को लेकर कई अहम खुलासे हो सकते हैं। कौन है गैंगस्टर डोनी बल बंबीहा-राणा गैंग से जुड़ा है डोनी बल का नाम पुलिस के मुताबिक, डोनी बल का नाम बंबीहा-राणा गैंग से जुड़ा बताया जाता है, जिसने राज्य में कई वारदातों को अंजाम दिया है। दिसंबर 2022 में मोहाली में कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया की हत्या की जिम्मेदारी भी इसी गैंग ने ली थी। कई कलाकारों को भी मिल चुकी हैं धमकियां गौरतलब है कि पंजाब में हाल के समय में रंगदारी के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। इससे पहले कई बॉलीवुड और पंजाबी कलाकारों को धमकी भरे कॉल व मैसेज मिल चुके हैं। हाल ही में कलाकार हिमांशी खुराना और गायक-संगीतकार बी प्राक को भी गैंगस्टरों द्वारा रंगदारी के लिए धमकियां दी गई थी।
Source link

