नारनौल में खड़े ट्रक में लगी आग, केबिन जला: शॉर्ट सर्किट की आशंका; सामान लेकर मुंबई से लुधियाना जा रहा था – Narnaul News

नारनौल में खड़े ट्रक में लगी आग, केबिन जला:  शॉर्ट सर्किट की आशंका; सामान लेकर मुंबई से लुधियाना जा रहा था – Narnaul News




हरियाणा में नारनौल के नांगल चौधरी क्षेत्र में शनिवार को नेशनल हाईवे-148B के किनारे खड़े ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ट्रक का केबिन, आगे के टायर, डीजल टंकी और वाहन के अन्य हिस्से जलकर राख हो गए। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक को भारी नुकसान हो चुका था। ट्रक का पूरा केबिन व आगे के दोनों टायर जलकर राख हो गए थे। मुंबई से लुधियाना जा रहा था कंटेनर ट्रक ड्राइवर सूरज गुर्जर ने बताया कि सुप्रीम लॉजिस्टिक कंपनी दिल्ली ने मुंबई से लुधियाना की ओर एक कंटेनर ट्रक भेजा गया था। ट्रक में मोबाइल ऑयल और लुब्रिकेंट से संबंधित सामान भरा हुआ था। उसने बताया कि वे ट्रक को नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव नांगल नूनिया के पास जीयो पेट्रोल पंप के निकट खड़ा कर खाना खा रहे थे। इस दौरान उसमें अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों को लेकर शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पहले केबिन, फिर डीजल टंकी में लगी आग बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले ट्रक के केबिन हिस्से में लगी और कुछ ही देर में उसने डीजल टंकी व आगे के टायरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक बंद बॉडी कंटेनर था, जिसके कारण अंदर रखा सामान भी आग की चपेट में आ गया। ट्रक ड्राइवर राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी सूरज गुर्जर ने बताया कि गनीमत रही कि वह उस समय खाना खा रहा था। जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि ट्रक में रखा सामान और वाहन का आगे का हिस्सा पूरी तरह जल गया। दमकल टीम ने बुझाई आग घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *