हरियाणा के युवक की उत्तराखंड के थाने उड़ाने की धमकी: इंस्टाग्राम पोस्ट के बाद अंबाला से गिरफ्तार; निहंगों पर पुलिस की कार्रवाई से नाराज था – Ambala News

हरियाणा के युवक की उत्तराखंड के थाने उड़ाने की धमकी:  इंस्टाग्राम पोस्ट के बाद अंबाला से गिरफ्तार; निहंगों पर पुलिस की कार्रवाई से नाराज था – Ambala News




उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले हरियाणा के अंबाला निवासी 26 वर्षीय युवक जसप्रीत सिंह को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर धमकी भरी पोस्ट शेयर की थी, जिसमें 25 जून 2026 को उत्तराखंड के सभी थानों में धमाके करने की चुनौती दी गई थी। पोस्ट वायरल होने के बाद देहरादून पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और 28 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि कर्णप्रयाग में निहंगों पर हुई पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर उसने आवेश में यह पोस्ट की थी। सिलसिलेवार पढ़िए पूरा मामला… इंस्टाग्राम पर दी थी धमकी जून के तीसरे हफ्ते में जसप्रीत.डेविल (jaspreet.devil) नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से उत्तराखंड पुलिस को खुली चुनौती देते हुए पोस्ट शेयर की गई। इसमें लिखा गया कि 25 जून 2026 को उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में धमाके होंगे। इसके बाद यह पोस्ट ‘X’ पर यूके न्यूज पेज (UKNEWSPAGE) और फेसबुक पर इंडिया इनसाइडर अपडेट (India Insider Update) नामक पेजों पर भी शेयर की गई। पुलिस ने दर्ज किया केस, अंबाला का पता मिला धमकी मिलने के बाद देहरादून की नगर कोतवाली में बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस की तकनीकी टीम ने सोशल मीडिया अकाउंट, डिजिटल फुटप्रिंट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में आरोपी की पहचान हरियाणा के अंबाला निवासी 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह के रूप में हुई। वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। घर पर दबिश, फिर देहरादून आते समय गिरफ्तारी पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस ने अंबाला स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। परिजनों को उसे पेश करने के निर्देश दिए गए। इस बीच जसप्रीत को केस दर्ज होने की जानकारी मिली तो वह कानूनी सलाह लेने के लिए देहरादून आ रहा था। पुलिस को इसकी सूचना मिली और 28 जून को सहारनपुर रोड पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मोबाइल बरामद, फोरेंसिक जांच शुरू गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया, जिससे धमकी भरी पोस्ट की गई थी। मोबाइल को डिजिटल और फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। पूछताछ में जसप्रीत सिंह ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर कर्णप्रयाग में स्थानीय युवकों और निहंग सिखों के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद निहंगों पर हुई पुलिस कार्रवाई के वीडियो देखे थे। इससे वह नाराज हो गया और आवेश में आकर उत्तराखंड पुलिस को धमकी देने वाली पोस्ट कर दी। क्या है कर्णप्रयाग का निहंग विवाद चमोली जिले के कर्णप्रयाग में स्थानीय युवकों और निहंग सिखों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निहंगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस कार्रवाई का कई सिख संगठनों ने विरोध किया। बाद में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पहल पर निहंग प्रतिनिधियों और उत्तराखंड प्रशासन के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद विवाद समाप्त हो गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *