सुल्तानपुर लोधी कैफे फायरिंग के 6 आरोपी गिरफ्तार: मालिक से मांगी थी 15 लाख की रंगदारी, विदेश में बैठे गैंगस्टर जग्गा फुकीवाल के हैं गुर्गे – Kapurthala News
कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में बरिस्टा कैफे के मालिक से रंगदारी मांगने और न देने पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने विदेश में बैठकर गैंग चला रहे गैंगस्टर जगदीप सिंह उर्फ जग्गा फुकीवाल के छह गुर्गों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक देसी पिस्तौल और दो मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली हैं। मामले की जानकारी देते हुए एसपी-डी हरिंदर सिंह गिल और डीएसपी सुल्तानपुर लोधी धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि बीते 21 जून को बरिस्टा कैफे के मालिक से एक विदेशी व्हाट्सएप नंबर के जरिए 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी न देने पर कैफे मालिक में खौफ पैदा करने के मकसद से अज्ञात हमलावरों ने कैफे के बाहर हवाई फायरिंग की और फरार हो गए थे। इस सनसनीखेज वारदात की जिम्मेदारी बाद में सोशल मीडिया पर ली गई थी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। जांच के लिए विशेष पुलिस टीमों का हुआ था गठन वारदात के बाद पीड़ित की शिकायत पर सुल्तानपुर लोधी थाने में 24 जून को असलहा एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीआईए इंचार्ज एसआई रमन कुमार और थाना सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ एसआई दविंदरपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी (ह्यूमन इंटेलिजेंस) की मदद से जाल बिछाकर आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान पुलिस टीमों द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमित सिंह (निवासी गांव देसल), हरमनरूप सिंह और जसमनप्रीत सिंह (दोनों निवासी गांव टिब्बा) और जगदीप सिंह (निवासी गांव तोती) के रूप में हुई है। इनके साथ वारदात में संलिप्त दो नाबालिगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने इनके पास से वारदात के वक्त इस्तेमाल की गई देसी पिस्तौल और दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। विदेश से गैंग चला रहा है गैंगस्टर जग्गा फुकीवाल एसपी-डी ने बताया कि पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर जगदीप सिंह उर्फ जग्गा (निवासी शाहजहांपुर, फुकीवाल, थाना सुल्तानपुर लोधी) ने ही सोशल मीडिया पर इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद पुलिस ने जग्गा को भी इस केस में नामजद कर लिया है। जग्गा विदेश में बैठकर अपने स्थानीय नेटवर्क और गुर्गों की मदद से रेकी करवाता है और कारोबारियों से रंगदारी वसूलता है। उसके खिलाफ पहले भी जालंधर और कपूरथला में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे कई अन्य वारदातों के खुलासे होने की उम्मीद है।
Source link

