लुधियाना में जीजा ने साले पर किया जानलेवा हमला: घर पर बरसाईं ईंटें; प्रॉपर्टी विवाद में किया हमला घटना का वीडियो भी आया सामने – Ludhiana News
लुधियाना के सिविल लाइन सनातन स्कूल के पीछे एक पारिवारिक संपत्ति विवाद ने उस वक्त खौफनाक रूप ले लिया,जब एक जीजा ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही साले के घर पर आधी रात को धाबा बोल दिया। हमलावरों ने घर पर जमकर ईंटें और पत्थर बरसाए और लोहे के सरियों से हमला किया। इस घटना में साला बुरी तरह घायल हो गया है, जिसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। इस पूरी वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे पहले दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज होती है और फिर देखते ही देखते हमलावर घर पर ईंटों की बरसात कर देते हैं। पीड़ित हैप्पी मेहरा ने बताया कि उनके परिवार में एक सांझी जगह को लेकर विवाद चल रहा है। इस प्रॉपर्टी में कुल 7 हिस्सेदार हैं, लेकिन उनकी सबसे छोटी बहन इस पूरी जगह पर अपना कब्जा जमाना चाहती है।
हैप्पी के मुताबिक उनकी बहन अक्सर वहां आने-जाने वालों के साथ गाली-गलौज करती है। हद तो तब हो गई जब उसने दरिया के पास लगे दो पेड़ों में से एक को साबुन और जहर डालकर सुखा दिया और दूसरे को बढ़ने दिया। इसके बाद उसने कुछ कबाड़ियों को बुलाकर वहां तोड़फोड़ भी करवाई। रात 11:30 बजे गुंडों के साथ पहुंचा जीजा पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने बहन की इन हरकतों का विरोध किया और पुलिस में शिकायत (रपट) दर्ज करवाई, तो मामला और भड़क गया। इसके बाद बहन ने रात करीब 11:30 बजे अपने पति (हैप्पी के जीजा) को फोन करके बुला लिया।
हैप्पी का आरोप है कि उसका जीजा एक शातिर अपराधी और पुलिस से भगोड़ा (PO) है। वह अपने साथ 5-7 हथियारबंद गुंडों को लेकर आया और आते ही उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने ईंटों और लोहे के सरियों से हैप्पी और उनके परिवार को निशाना बनाया, जिससे हैप्पी के सिर पर गंभीर चोटें आईं। सामने आए वीडियो में भी हमलावरों की यह गुंडागर्दी साफ नजर आ रही है कि किस तरह वे बेखौफ होकर ईंटें और पत्थर चला रहे हैं। पीड़ित परिवार की पुलिस से गुहार सिर पर पट्टी बांधे हैप्पी मेहरा ने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि हमलावर बदमाश किस्म के लोग हैं और उन्हें डर है कि वे दोबारा उनके परिवार पर हमला कर सकते हैं। मोहल्ले के लोग भी खौफ में हैं और ईंट-पत्थर चलने के डर से कोई बाहर निकलने को तैयार नहीं है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके परिवार को सुरक्षा दी जाए।
Source link

