सिद्धू मूसेवाला के पिता का सरकार पर हमला: बोले- विधायक कानून पढ़े बिना दे रहे मंजूरी, तो इस्तीफा दें – Mansa News
श्री गुरु ग्रंथ साहिब बेअदबी मामले से संबंधित कानून को बिना पढ़े ही मंजूरी देने की बात कुछ विधायकों द्वारा स्वीकार किए जाने के बाद सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने पंजाब सरकार और विधायकों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस मामले में सरकार और संबंधित विधायकों से इस्तीफे की मांग की है। यह मामला श्री अकाल तख्त साहिब, अमृतसर में जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज की अध्यक्षता में आयोजित पंजाब के विधायकों की एक बैठक के दौरान सामने आया। इस बैठक में श्री गुरु ग्रंथ साहिब बेअदबी से जुड़े कानून पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान जब कुछ विधायकों से कानून के प्रावधानों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने इसे पढ़ा नहीं था और बिना पढ़े ही मंजूरी दे दी थी। विधायक बोले- नहीं मिला पढ़ने का समय विधायकों ने बताया कि उन्हें कानून पढ़ने का पर्याप्त समय नहीं दिया गया और जल्दबाजी में सहमति देने को कहा गया था। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बलकौर सिंह ने कहा कि जिन विधायकों को जनता ने कानून बनाने के लिए चुना है, यदि वे ही कानून पढ़े बिना उसे मंजूरी दे रहे हैं, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि कई विधायकों को बेअदबी कानून के प्रावधानों की जानकारी तक नहीं है। बलकौर सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस कानून पर विस्तृत चर्चा की मांग की थी और श्री अकाल तख्त साहिब की एक समिति बनाकर उसकी राय भी ली जानी चाहिए थी, लेकिन पंजाब सरकार ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर जल्दबाजी में कानून पारित कराया और विधायकों ने भी बिना पढ़े ही सहमति दे दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि सरकार और उसके विधायक अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी का ठीक से निर्वहन नहीं कर रहे हैं, तो उन्हें नैतिक आधार पर अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए।
Source link

