शिमला पुलिस ने पंजाब की 2 महिलाएं अरेस्ट की: 50 लाख के गहने चोरी मामले में एक्शन; खरीदारी करते समय बैग से उड़ाई ज्वैलरी – Shimla News
शिमला पुलिस ने लोअर बाजार में लाखों रुपए के आभूषण चोरी मामले में दो महिलाओं को पंजाब से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए करीब 40 तोला सोना और 250 ग्राम चांदी के आभूषण भी बरामद किए। बरामद गहनों की कुल कीमत करीब 45 से 50 लाख रुपए बताई जा रही है। एएसपी शिमला मेहर पंवर ने बताया कि 25 जून को पुलिस थाना सदर शिमला में पवाओ निवासी खूब सिंह ठाकुर की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज किया। शिकायतकर्ता ने बताया था कि लोअर बाजार में खरीदारी के दौरान अज्ञात महिलाओं ने उनके बैग से सोने और चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए।ट मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP शिमला के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज खंगाले। इसके अलावा साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपियों और उनकी गाड़ी की पहचान की गई।
CCTV जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस पुलिस ने गाड़ी की आवाजाही को ट्रैक करने के लिए नारकंडा, लुहरी, कींगल, कुल्लू, मंडी और बिलासपुर में लगे कैमरों की जांच की। जांच में सामने आया कि गाड़ी 28 जून को पंजाब में प्रवेश कर चुकी थी। इसके बाद शिमला पुलिस की टीम को पंजाब रवाना किया गया। पटियाला में दबिश देकर दोनों को किया गिरफ्तार पुलिस टीम ने पटियाला में दबिश देकर चंद्रवती और रेखा को चोरी किए गए आभूषणों सहित गिरफ्तार कर लिया। दोनों महिलाएं पटियाला की रहने वाली है। आज कोर्ट में पेश कर दो जुलाई तक पुलिस रिमांड हासिल किया। एएसपी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी महिलाएं अन्य राज्यों या जिलों में हुई चोरी की वारदातों में शामिल रही हैं या नहीं।
Source link

