लुधियाना CP स्वपन शर्मा देर रात सड़क पर उतरे: अतिक्रमणकारियों को बोले-बीच सड़क लगाओ बोर्ड, ढाबा-होटल संचालकों को लगाई फटकार,अब होंगे पर्चे दर्ज – Ludhiana News
लुधियाना में रेलवे स्टेशन के बाहर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण और अव्यवस्था को लेकर वीरवार रात 10 बजे पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा खुद सड़क पर उतर आए। अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे सीपी ने स्टेशन के दोनों ओर पैदल निरीक्षण किया और सड़क पर बोर्ड, रेहड़ियां व अन्य सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले ढाबा व होटल संचालकों को कड़ी चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर का सख्त रुख देखने को मिला। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस बार केवल चेतावनी दी जा रही है, लेकिन अगली बार सीधे एफआईआर दर्ज होगी। सड़क पर ही लगाई फटकार निरीक्षण के दौरान सीपी स्वपन शर्मा ने कई ढाबों और होटलों के बाहर सड़क पर रखे बोर्ड और अन्य सामान देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़क पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद संचालकों से कहा- “अगर बोर्ड और रेहड़ियां सड़क पर ही लगानी हैं तो बीच सड़क ही लगा दो।” इस टिप्पणी के जरिए उन्होंने अतिक्रमण से आम लोगों को हो रही परेशानी पर नाराजगी जताई। अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम पुलिस कमिश्नर ने मौके पर मौजूद एसीपी अनिल भनोट, एडीसीपी रमनदीप भुल्लर और एसएचओ परमदीप सिंह को सख्त निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन के आसपास लगातार गश्त की जाए। उन्होंने एसीपी अनिल भनोट से कहा कि दो दिनों के भीतर रेलवे स्टेशन का पूरा इलाका अतिक्रमण मुक्त दिखाई देना चाहिए। साथ ही निर्देश दिए कि नगर निगम के अधिकारियों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर स्टेशन के दोनों तरफ से अतिक्रमण हटाया जाए। अब सीधे दर्ज होगा मामला सीपी स्वपन शर्मा ने स्पष्ट किया कि इस बार केवल अंतिम चेतावनी दी जा रही है। भविष्य में यदि किसी ने फिर सड़क पर कब्जा किया या अवैध तरीके से बोर्ड, रेहड़ियां या अन्य सामान लगाया तो उसके खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी व्यक्ति को किसी की सिफारिश या दबाव में राहत न दी जाए और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ समान कार्रवाई हो। होटल और ढाबा संचालकों ने मांगा आखिरी मौका निरीक्षण के दौरान मलिक ढाबा, होटल घई, होटल हॉलीवुड सहित अन्य होटल, शराब के ठेके और अहातों के संचालकों को भी चेतावनी दी गई। पुलिस कमिश्नर के सख्त तेवर देखकर कई संचालकों ने अपनी गलती स्वीकार की और अतिक्रमण हटाने के लिए आखिरी मौका देने की मांग की। हर सप्ताह होगी औचक जांच सीपी स्वपन शर्मा ने बताया कि रेलवे स्टेशन सहित संवेदनशील इलाकों में अब नियमित निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं सप्ताह में एक बार औचक निरीक्षण करेंगे, जबकि एडीसीपी, एसीपी और डीएसपी स्तर के अधिकारी भी लगातार क्षेत्र का दौरा करेंगे। पीएम दौरे से पहले भी चल रही थी निगरानी मीडिया से बातचीत में पुलिस कमिश्नर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले भी पूरे पंजाब में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर औचक जांच अभियान चलाए गए थे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र में की गई कार्रवाई किसी विशेष दौरे से जुड़ी नहीं, बल्कि नियमित निरीक्षण का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन शहर का प्रमुख प्रवेश द्वार है। यहां अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और सड़क पर कब्जे की वजह से यातायात प्रभावित होता है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए इस क्षेत्र को पूरी तरह व्यवस्थित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
Source link

