मोगा में पिता की राइफल छीनकर बेटे को मारी गोली: जामुन का पेड़ काटने पर विवाद, अस्पताल में मौत, राजस्थान के 2 आरोपी गिरफ्तार – Moga News

मोगा में पिता की राइफल छीनकर बेटे को मारी गोली:  जामुन का पेड़ काटने पर विवाद, अस्पताल में मौत, राजस्थान के 2 आरोपी गिरफ्तार – Moga News




मोगा जिले के अंतर्गत आते थाना बधनी कलां के अधीन एक गांव में खेत के विवाद को लेकर हुई फायरिंग में एक युवक की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। जामुन का पेड़ काटने से रोकने पर शुरू हुआ मामूली विवाद इस कदर बढ़ा कि हमलावरों ने शिकायतकर्ता की ही लाइसेंसी राइफल छीनकर उसके युवा बेटे की जान ले ली। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में कुन्नर बस्ती (बुट्टर कलां) के निवासी जगरूप सिंह पुत्र दलजीत सिंह ने बताया कि वह और उनके चाचा सतनाम सिंह मिलकर गांव के ही नच्छत्तर सिंह की जमीन ठेके (लीज) पर लेकर खेती करते हैं। उनके पड़ोसी खेत में कुछ लोग धान (जीरी) लगाने के लिए आए हुए थे। इस दौरान वे लोग खेत के पास लगे जामुन के पेड़ को काटने लगे। चाचा से हुई मारपीट की सूचना पर राइफल लेकर पहुंचे जब चाचा सतनाम सिंह ने उन्हें हरे-भरे पेड़ काटने से मना किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। सतनाम सिंह ने किसी तरह वहां से भागकर घर आए और पूरी आपबीती जगरूप सिंह को बताई। चाचा के साथ हुई मारपीट की खबर सुनकर जगरूप सिंह अपनी सुरक्षा के लिए अपनी लाइसेंसी 12 बोर की राइफल लेकर तुरंत खेत की ओर भागे। उनके साथ उनका बेटा हरसदीप सिंह भी था। खेत पर पहुंचते ही आरोपियों ने तैश में आकर जगरूप सिंह पर हमला कर दिया और उनके हाथ से उनकी लाइसेंसी राइफल छीन ली। राइफल छीनने के बाद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से सीधे जगरूप सिंह के बेटे हरसदीप सिंह पर फायर झोंक दिया। गोली सीधे हरसदीप के पेट में जा लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर गया। अस्पताल में तोड़ा दम; राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार गंभीर रूप से घायल हरसदीप सिंह को परिजन और ग्रामीण तुरंत इलाज के लिए मोगा के मेडिसिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन घाव गहरा होने के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना बधनी कलां के एएसआई (ASI) गुरचरण सिंह ने बताया कि वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दो आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जोरा सिंह पुत्र सतनाम सिंह, दारा सिंह पुत्र सतनाम सिंह (दोनों निवासी: 11-ए, जिला गंगानगर, राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या सहित विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की अगली कड़ियों को जोड़ने और हथियार बरामदगी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *