मोगा में आवारा कुत्तों का फिर हमला: प्रवासी मजदूर घायल; किसानों ने बचाई जान, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप – Moga News
मोगा जिले के गांव कपूरे में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक के बीच एक और प्रवासी मजदूर पर हमला हुआ है। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने शोर मचाकर मजदूर की जान बचाई, हालांकि वह घायल हो गया। गांव भिंडर कलां निवासी रणजोध सिंह ने बताया कि उनके खेत में काम कर रहे एक प्रवासी मजदूर पर अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। मजदूर ने खुद को बचाने का प्रयास किया, जिसके बाद पास मौजूद किसानों और मजदूरों ने शोर मचाकर कुत्तों को भगाया। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले भी इसी गांव में आवारा कुत्तों के हमले में एक किसान की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन द्वारा इन खतरनाक कुत्तों को पकड़ने या समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय निवासी ने प्रशासन पर लगाए आरोप गांववासियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लगातार हो रहे हमलों के कारण लोगों में भय का माहौल है और किसान व मजदूर खेतों में काम करने से भी कतराने लगे हैं। घायल मजदूर और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल गांव में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ने और इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Source link

