मोगा पुलिस ने 9 तस्करों को किया गिरफ्तार: आरोपियों के पास से हेरोइन, नशीली गोलियां और 14 पेटी अवैध शराब बरामद – Moga News
मोगा पुलिस ने नशे और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से हेरोइन, नशीली गोलियां और 14 पेटी अवैध शराब सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस प्रमुख ने बताया कि थाना बधनी कलां पुलिस ने गश्त के दौरान बधनी कलां निवासी गगनदीप सिंह उर्फ डुग्गी और खुशकरण सिंह उर्फ घल्ली को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 55 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसी क्रम में, थाना स्मालसर पुलिस ने राजियाना निवासी जोबनप्रीत सिंह उर्फ जोमा को 7 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। थाना अजीतवाल पुलिस ने चूहड़चक निवासी जगरूप सिंह उर्फ यूपी को 12 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद इसी मामले में चूहड़चक निवासी राजवीर सिंह उर्फ राजा को भी पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त, थाना धर्मकोट पुलिस ने जसकरण सिंह उर्फ करण को 60 नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत संबंधित थानों में मामले दर्ज किए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज अवैध शराब के मामले में, फोकल प्वाइंट पुलिस चौकी की टीम ने गुप्त सूचना पर कच्चा दुसांझ रोड पर नाकाबंदी की। एक कार को रोककर तलाशी लेने पर उसमें से 14 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। इसमें 9 पेटी मोटा संतरा और 5 पेटी हीर ब्रांड की शराब शामिल थी। इस मामले में गुरप्रीत सिंह, सुरजीत सिंह और रुपिंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ थाना सिटी मोगा में एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच अधिकारी के अनुसार, पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
