भोपाल में छोटे कारोबारियों पर सख्ती, बड़ों पर मेहरबानी: हाई-प्रोफाइल लाउंज में रातभर पार्टी, बिना लाइसेंस शराब; भास्कर स्टिंग में पुलिस के दावों की खुली पोल – Bhopal News

भोपाल में छोटे कारोबारियों पर सख्ती, बड़ों पर मेहरबानी:  हाई-प्रोफाइल लाउंज में रातभर पार्टी, बिना लाइसेंस शराब; भास्कर स्टिंग में पुलिस के दावों की खुली पोल – Bhopal News




मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रात साढ़े 11 बजे के बाद बाजार बंद कराने को लेकर पुलिस सख्ती बरत रही है। छोटे दुकानदारों, ठेला संचालकों और सामान्य व्यापारियों पर कार्रवाई भी हो रही है, लेकिन बड़े और रसूखदार कारोबारियों पर मेहरबानी की जा रही है। दैनिक भास्कर के स्टिंग ऑपरेशन में पुलिस की सख्ती और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा फर्क सामने आया है। 11 से 21 जून के बीच किए गए स्टिंग में शहर के बाहरी इलाकों में संचालित कई हाई-प्रोफाइल लाउंज और रेस्टोरेंट आधी रात के बाद तक खुले मिले, जहां खुलेआम शराब और हुक्का परोसा जा रहा था। कुछ जगहों पर बिना लाइसेंस शराब सर्व करने, फर्जी नामों से बिल बनाने और यूपीआई के जरिए अलग से भुगतान लेने के मामले भी सामने आए। इतना ही नहीं, कटारा हिल्स थाने से महज 50 मीटर दूर अवैध शराब बिक्री का कारोबार भी कैमरे में कैद हुआ। 1. द आर्क: आधी रात तक पार्टी, वेट्रेस बोली- बार लाइसेंस नहीं, फिर भी शराब सर्व खजूरी सड़क थाना क्षेत्र स्थित द आर्क लाउंज में रिपोर्टर रात 10:20 बजे पहुंचे। यहां रात 12:30 बजे तक पार्टी का माहौल बना रहा और रिपोर्टर की टेबल पर ड्रिंक सर्व की गई। बातचीत के दौरान रिपोर्टर के साथी ने वेट्रेस से पूछा कि यहां बीयर के दाम बाकी जगहों से कम क्यों हैं। इस पर वेट्रेस ने कहा, “बिल में वेट नहीं लगता, क्योंकि हमारे पास बार का लाइसेंस नहीं है। गेस्ट की डिमांड पर बीयर और दारू सर्व कर देते हैं, लेकिन उसे बिल में नहीं दिखा सकते।” रिपोर्टर ने देखा कि शराब के एवज में भुगतान यूपीआई बारकोड के जरिए लिया गया, लेकिन उसका कोई बिल नहीं दिया गया। वहीं खाने का अलग बिल बनाकर भुगतान नकद में लिया गया। 2. द कर्व: पूल साइड शराब पार्टी, किराना स्टोर के नाम पर लिया भुगतान सीहोर रोड स्थित द कर्व लाउंज में रिपोर्टर रात 12:30 बजे पहुंचे। स्वीमिंग पूल के किनारे कई लोग शराब पीते दिखाई दिए। पहली विजिट में वेटर ने कहा कि बीयर उपलब्ध नहीं है, लेकिन हुक्का और फूड मिल जाएगा। एक सप्ताह बाद टीम दोबारा पहुंची तो इस बार बीयर का ऑर्डर भी लिया गया और हुक्का व खाना टेबल पर सर्व किया गया। रिपोर्टर रात 10:30 बजे से 12:30 बजे तक वहां मौजूद रहे। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक टेबलों पर शराब पार्टी चल रही थी। लाइव म्यूजिक बज रहा था और नशे में धुत दो लोग डांस कर रहे थे। भुगतान के लिए वेटर ने “राधा कृष्णा किराना स्टोर” नाम के यूपीआई अकाउंट पर रकम ट्रांसफर कराई। बिल में बीयर को “BM” और हुक्का को “प्रीमियम बकेट” के रूप में दर्ज किया गया। 3. स्कायवा: रात 1:45 बजे तक चलती रही सर्विस सीहोर रोड स्थित स्कायवा रेस्टोरेंट में रिपोर्टर रात करीब 1 बजे पहुंचे। यहां बीयर, फूड और अन्य ऑर्डर लिए गए। कुछ देर बाद वेटर ने कहा, “कुछ और ऑर्डर हो तो बताइएगा। आप आराम से बैठिए, समय का कोई इश्यू नहीं है हमारे यहां।” रिपोर्टर रात 1:45 बजे तक रेस्टोरेंट में मौजूद रहे और इस दौरान लगातार सर्विस जारी रही। 4. फूड एंड फ्लेवर: दावा- हमारे यहां पुलिस नहीं आती, सुबह तक बैठ सकते हैं एयरपोर्ट रोड स्थित फूड एंड फ्लैवर लाउंज में रिपोर्टर रात करीब 12:30 बजे पहुंचे। यहां मौजूद वेटर ने शराब परोसने से इनकार करते हुए कहा कि उनके यहां शराब अलाउड नहीं है, लेकिन हार्ड हुक्का उपलब्ध है। जब रिपोर्टर ने पूछा कि इतनी रात को पुलिस तो नहीं आएगी, तो वेटर ने जवाब दिया, “हमारे यहां पुलिस नहीं आती, आप सुबह तक बैठ सकते हैं।” इसके बाद उसने हुक्का सर्विस की पेशकश की और देर रात तक बैठने पर किसी तरह की रोक नहीं होने की बात कही। 5. सीक्रेट प्लेस: रात 1:30 बजे तक हुक्का और स्नूकर लालघाटी स्थित सिटी वॉक मॉल की तीसरी मंजिल पर संचालित सीक्रेट प्लेस लाउंज में रिपोर्टर रात 1 बजे पहुंचे। यहां स्नूकर टेबल पर गेम चल रहा था और अधिकांश टेबल भरी हुई थीं। ऐसा लग रहा था मानो पुलिस की सख्ती और समय सीमा का यहां कोई असर नहीं है। सोफे पर बैठते ही वेटर ऑर्डर लेने पहुंचा और उसने हुक्का लेने की पेशकश करते हुए अलग-अलग फ्लेवर बताए। रिपोर्टर के वहां मौजूद रहने के दौरान लोग हुक्का गुड़गुड़ाते और स्नूकर खेलते नजर आए। ये खबर भी पढ़ें… भोपाल में ढाबे बने अवैध बार, खुलेआम परोस रहे शराब अहातों में बैठकर शराब पिलाने से कानून व्यवस्था बिगड़ने का हवाला देकर साल 2023 में तत्कालीन शिवराज सरकार ने अहाते बंद कर दिए थे, लेकिन यह फैसला राजधानी में अवैध शराब कारोबार के लिए रास्ता खोल गया। आपदा में अवसर तलाशने वाले शराब माफिया ने इस फैसले का फायदा उठाते हुए भोपाल में एक पूरा नाइट लाइफ नेटवर्क खड़ा कर दिया।पूरी खबर पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *