भवानीगढ़ में सड़क हादसे में महिला की मौत, पति गंभीर: बाइक से जा रहे थे पति-पत्नी, पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, पत्नी को दूर तक घसीटा – Sangrur News
संगरूर जिले के भवानीगढ़ में नए बस स्टैंड के पास आज सुबह एक भीषण और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार बुजुर्ग दंपत्ति को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल (SSF) की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शी के जुबानी सुनिए.. हादसा कितना भयानक था एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि यह खौफनाक हादसा बिल्कुल उसकी आंखों के सामने हुआ। मोटरसाइकिल पर सवार बुजुर्ग दंपत्ति बरनाला के पास स्थित गांव सेखा के रहने वाले थे। भवानीगढ़ के नए बस स्टैंड के पास जैसे ही वे पहुंचे, एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बुजुर्ग व्यक्ति छिटककर सड़क के दूसरी ओर गिर गए, जिससे उनकी जान तो बच गई लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, उनकी बुजुर्ग पत्नी ट्रक की चपेट में आ गईं और ट्रक उन्हें सड़क पर काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। इस बर्बर हादसे के कारण बुजुर्ग महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। SSF की टीम ने घायल को अस्पताल पहुंचाया मौके पर तैनात एसएसएफ के जवान ने मीडिया को बताया कि उन्हें भवानीगढ़ पुलिस स्टेशन के मुंशी से इस सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने तुरंत एम्बुलेंस का प्रबंध कर गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग व्यक्ति को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है। घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस और एसएसएफ की टीम ने सुचारू करवाया। भवानीगढ़ पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस चश्मदीदों के बयान और घटना के कारणों की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई अमल में ला रही है।
Source link

