बेटी लापता, गहने भी गायब, पिता ने चार पर लगाए आरोप – Ludhiana News
लुधियाना| थाना डेहलों क्षेत्र के गांव शंकर से 17 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता नूर मोहम्मद निवासी गांव शंकर ने आरोप लगाया है कि उसकी नाबालिग बेटी को चार लोग दो मोटरसाइकिलों पर बैठाकर अपने साथ ले गए। हालांकि पुलिस ने जांच के बाद फिलहाल केवल एक आरोपी यासीन गांव चब्बेवाल, जिला होशियारपुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) और 96 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। नूर मोहम्मद ने बताया कि उसकी करीब 17 वर्षीय बेटी बिना बताए घर से कहीं चली गई थी। परिवार ने उसे अपने स्तर पर काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। बाद में उसकी छोटी भाभी ने बताया कि उसने चार व्यक्तियों को दो मोट रसाइकिलों पर उसकी बेटी को अपने साथ ले जाते देखा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी बेटी घर से करीब 50 हजार रुपए की नकदी और सोने के गहने भी साथ ले गई है। इसके बाद उसने थाना डेहलों में शिकायत दर्ज करवाई, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू की। शिकायतकर्ता ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चार लोगों के नाम सामने आने के बावजूद केवल एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उसका कहना है कि पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी होने के बावजूद अन्य आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। नूर मोहम्मद ने यह भी आरोप लगाया कि होशियारपुर का एक बदमाश आरोपियों का साथ दे रहा है और थाना परिसर में ही पुलिस के सामने उन्हें खुलेआम धमकियां दे रहा था। पीड़ित पिता ने प्रशासन से उसकी नाबालिग बेटी को जल्द से जल्द बरामद करने तथा मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं, इस संबंध में थाना डेहलों के जांच अधिकारी करमवीर से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
Source link

