मिशन क्लीन पंजाब: मेयर ने सफाई व्यवस्था का लिया जायजा – Ludhiana News
लुधियाना| मिशन क्लीन पंजाब के तहत लगातार दूसरे दिन मेयर ने सोमवार को हैबोवाल के इलाकों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था और स्वच्छता की स्थिति का मौके पर जायजा लिया तथा सफाई कर्मियों की हाजिरी भी जांची। संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित सफाई, कूड़ा उठान और साफ-सफाई बनाए रखने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय स्तर पर पौधारोपण भी किया गया ताकि निवासी अपने मोहल्लों में पौधारोपण अभियान अपनाने के लिए प्रेरित हों। इस मौके पर एमसी जोनल कमिश्नर जसदेव सेखों, पार्षद गोलू बाजवा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विपल मल्होत्रा और एलए गौरव बग्गा उपस्थित रहे। मेयर इंदरजीत कौर ने खुले में कचरा फेंकने पर रोक लगाने की अपील करते हुए बताया कि जल्द ही उल्लंघन करने वालों के चालान काटने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गड़बड़ी मिलने पर विभागीय कार्रवाई होगी। मेयर ने मानसून हेल्पलाइन नंबर (90867-91867) के उपयोग की भी अपील की।
Source link

