बेकाबू कार राधा स्वामी सत्संग गेट से टकराई: फाजिल्का-मलोट हाईवे पर हादसा, चालक बाल-बाल बचा, हो सकता था बड़ा हादसा – Fazilka News
फाजिल्का-मलोट नेशनल हाईवे पर स्थित अरनीवाला के पास एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर राधा स्वामी सत्संग घर के मुख्य गेट और ग्रिल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सत्संग घर के बाहर लगी लोहे की ग्रिल टूट गई और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में कार चालक चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया। सूचना पर थाना अरनीवाला के पुलिस कर्मचारी पहुंचे और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाकर किनारे करवाया ताकि यातायात प्रभावित न हो। एसएचओ अंग्रेज कुमार ने बताया कि कार चालक का बाल-बाल बचाव हो गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा कार का टायर फटने, तकनीकी खराबी आने या चालक को झपकी आने की वजह से हुआ है। अचानक कार से चालक नियंत्रण हटा, सत्संग घर के गेट के पास जाकर रुकी कार थाना अरनीवाला के एसएचओ (SHO) अंग्रेज कुमार ने बताया कि कार चालक की पहचान सीमावर्ती गांव चक्क पक्खी के निवासी के रूप में हुई है। वह सोमवार/मंगलवार की रात अपनी कार से मलोट की तरफ से फाजिल्का की ओर जा रहा था। कार मलोट की तरफ से आते हुए अरनीवाला कस्बे को क्रॉस कर हाईवे पर पहुंची, तो राधा स्वामी सत्संग घर के नजदीक अचानक कार चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया। नियंत्रण खोने के बाद तेज रफ्तार कार हाईवे किनारे बने राधा स्वामी सत्संग घर के बाहर लगी सुरक्षा ग्रिल को उखाड़ती हुई सीधे मुख्य गेट के पिलर से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने तुरंत कार चालक को सुरक्षित बाहर निकाला, जिसे मामूली खरोंचें आई हैं। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त, सत्संग घर की बाहरी ग्रिल टूटी।
Source link

