बाबा साहेब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वालों पर एक्शन: लुधियाना में 5 दिन बाद FIR, आरोपियों की तलाश; BSP जिलाध्यक्ष ने दी थी शिकायत – Ludhiana News
लुधियाना में बेअदबी और तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। घटना के पांच दिन बाद 19 जुलाई को सलेम टाबरी पुलिस ने अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। यह कार्रवाई बहुजन समाज पार्टी (BSP) लुधियाना के मौजूदा अध्यक्ष बलविंदर सिंह उर्फ जस्सी की लिखित शिकायत के आधार पर की गई है। पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर के अनुसार, 14 जुलाई को जालंधर बाईपास चौक पर स्थापित संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी। शरारती तत्वों ने प्रतिमा के चारों ओर लगे सुरक्षा शीशों पर पत्थरों से हमला कर उन्हें तोड़ दिया था। प्रतिमा का मोटा शीशा टूटा हुआ देखा घटना का पता सुबह उस समय चला, जब राहगीरों और स्थानीय लोगों ने प्रतिमा का मोटा शीशा टूटा हुआ देखा और मौके पर ईंट-पत्थर पड़े मिले। बसपा अध्यक्ष बलविंदर सिंह (49) ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि इस कृत्य से बसपा नेतृत्व के साथ-साथ पूरे बहुजन समाज की सामाजिक और भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। उस दिन (14 जुलाई) क्या हुआ था: 14 जुलाई की सुबह बेअदबी की घटना की जानकारी मिलते ही दलित समाज और विभिन्न संगठनों के लोग बड़ी संख्या में चौक पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर धरना देकर जाम लगा दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पुलिस प्रशासन को हालात नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रतिमा के चारों ओर लगा शीशा काफी मजबूत था, जिसे तोड़ने के लिए आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से कई बार वार किए होंगे। पुलिस की आगे की कार्रवाई सलेम टाबरी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह धारा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से जुड़े मामलों में लगाई जाती है। मामले की जांच एएसआई सिंघारा सिंह को सौंपी गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना को अंजाम देने वाले शरारती तत्वों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
Source link

